इसरो के निर्देशक डॉ. नीलेश एम. देसाई और डीएम गजल भारद्वाज ने इसरो लैब का फीता काटकर किया उद्घाटन
महोबा। विकासखण्ड कबरई के उच्च प्राथमिक विद्यालय रतौली में सोमवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इसरो के निर्देशक डॉ. नीलेश एम. देसाई और जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने इसरो लैब का उद्घाटन किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जिलाधिकारी, खनिज और बेसिक शिक्षा विभाग के प्रयासों से जूनियर विद्यालय रतौली, बरीपुरा, लिलवाही, ज्योरइया, सिजरिया, मवई और छिकहरा सहित सात विद्यालयों में इसरो लैब समर्पित की गई।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय रतौली में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जहां पर सात जूनियर विद्यालयों में इसरो लैब की व्यवस्था करने के बाद फरवरी माह के अंत तक जिले के 33 विद्यालयों में इसका कार्य पूर्ण करके विद्यालयों में लैब बनाकर समर्पित कर दी जाएगी। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सूर्य महोत्सव में पहुंचकर राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का अनावरण एवं निरीक्षण कर जायजा लिया साथ ही सूर्य महोत्सव के मंच पर बाल संवाद का अयोजन किया गया, जिसमें तीन हजार छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि ने इसरो की कार्यप्रणाली, उपगृह विज्ञान, राकेट विज्ञान के संदर्भ में अत्यन्त उपयोगी प्रस्तुतीकरण किया गया। इसके पश्चात छात्रों से सीधा संवाद किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को वैज्ञानिक उपकरण, स्पेस व अन्य वैज्ञानिक यंत्रों के उपयोग एवं जानने की प्रवृत्ति को बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अध्यापकों से अपील की, कि वह इस लैब के माध्यम से बच्चों को अन्तरिक्ष के गूढ़ रहस्यों के बारे में वैज्ञानिक तरीके से सटीक जानकारी प्राप्त करायें। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्पेस लैब के प्रयोग से बच्चों में नई सोच व नई ऊर्जा का विकास होगा। कार्यक्रम में इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक, दीपक सिंह, आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार, डीआईजी चित्रकूट धाम मंडल राजेश एस, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित तमाम अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।





