डी एम ने उद्यमियों और ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया,25क्षयरोगियों को दी गई पोषण पोटली
प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष थीम पर आयोजित नौ दिवसीय समारोह/मेले का आयोजन जारी है। मंगलवार को मेले में सौ दिवसीय सघन टीबी अभियान का शुभारंभ भी किया गया। मेले के सातवें दिन “उद्योग, व्यापार एवं रोजगार दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों व व्यापारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने 10 उद्यमियों/व्यापारियों हेमंत विक्रम सिंह, राजीव शुक्ला, रामहेत, समीर कुरेशी, कौशल, हिमांशु कौशल, गिरिराज प्रकाश, जिया उल हक, प्रतिमा सिंह एवं हरिकेश श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद की 144 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं गांधी जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस अभियान के तहत जोखिम वाली आबादी की स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक उपचार की सुविधा सभी सीएचसी/पीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मेले का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन सरकार की प्राथमिकताओं में है और जनसहभागिता से ही इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, डीसी जीएसटी अशोक गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।





