डीएम की अध्यक्षता में कजली मेले को लेकर बैठक सम्पन्न
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 10 अगस्त से शुरू होने वाले कजली मेला.2025 की रूपरेखा तैयार किये जाने के लिए महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मेले के भव्य आयोजन को लेकर विचार विर्मश किया गया। मेले में वाहनों की पर्किंग के लिए मेला स्थल से तीन किलो मीटर दूर व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को संरक्षित रखने तथा जनपद वासियों को इसके संबंध में पूर्ण जानकारी दिलाए जाने के संबंध में तथा परंपरागत कजली महोत्सव के अंतर्गत इस कजली मेला का आयोजन किया जाएगा। मेला स्थल पर एक सप्ताह तक बाहरी कलाकारों के अलावा बुंदेली कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनपद में आल्हा ऊदल की ऐतिहासिक कर्मभूमि एवं अनेकों ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं जिनके बारे में लोगों को जानकारी दिलाए जाने के लिए कजली महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिदिन किसी न किसी रूप से कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इसके बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कजली महोत्सव में अन्य सांस्कृतिक दलों व विभिन्न विद्यालयों के छात्र.छात्राओं के कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन गुणवत्ता युक्त एवं सुंदर तरीके से कराया जाएगा, जिससे कि लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर मनोरंजन के साथ ही उनके ज्ञान में जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संबंध में वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका महोबा को निर्देशित करते हुए कहा कि कजली मेला स्थल में बिजली, पानी शौचालय एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनियोजित तरीके से की जाये, जिससे लोगों को समस्या न हो। उन्होंने कहा कि दुकाने आवंटित करने में पारदर्शिता बरती जाये। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय, बुंदेली को प्राथमिकता दी जाये, इसके अलावा प्रदेश की विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की भी प्रस्तुति की जाये। शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनी लगायी जाये।
व्यापारियों ने अपने.अपने सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी सुझावों पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी झूला संस्थापक प्रशासन द्वारा निर्धारित मूल्य के आधार पर ही लोगों से पैसा लें, इस बात का विशेष रूप से ध्यान दिया जाए तथा कोई भी झूला संस्थापक निर्धारित मूल्य से ज्यादा पैसा लोगों से न लें।
जिलाधिकारी ने सभी कजली मेला से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेला प्रक्रिया को पूरी पारदर्शी तरीके से कराया जाए तथा महोबा जनपद के कलाकारों को प्रतिभा निखारने के लिए मंच दिया जाए। कजली महोत्सव में विकास प्रदर्शनी के माध्यम से शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से कैंप लगाकर लोगों को लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मेला में दुकान आवंटन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता से कराई जाये तथा झूला ग्राउंड की ज़मीन बोली लगाकर लोगों को उपलब्ध कराई जाये।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संतोष चौरसिया, अपर जिलाधिकारी वित्त, राजस्व राम प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, मुख्य चिकित्सकारी डॉ आशाराम, समाजसेवी दाऊ तिवारी, शिवकुमार गोस्वामी, रामजी गुप्ता सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।





