स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, MRI और CT स्कैन सुविधा का आश्वासन
सूर्य प्रताप शाही और साध्वी निरंजन ज्योति ने सेवा भाव पर दिया जोर
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही बड़ी मौजूदगी
फतेहपुर। टीबी अस्पताल परिसर में नवनिर्मित रेडक्रास भवन का लोकार्पण गुरुवार को भव्य कार्यक्रम के बीच संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के सभापति बृजेश पाठक ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों ने भारत माता एवं रेडक्रास के संस्थापक हेनरी डुनेन्ट के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। इसके बाद कार्यकारिणी एवं आजीवन सदस्यों ने मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जिला चेयरमैन डॉ. अनुराग ने सभी अतिथियों को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया, जबकि मुख्य अतिथि का 51 किलो की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महर्षि विद्या मंदिर के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग दिया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि रेडक्रास भवन केवल एक इमारत नहीं बल्कि सेवा का केंद्र है, जहां वंचितों, पीड़ितों और आपदा से प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी मानवता की सेवा के लिए समर्पित संस्था है, जो दवाइयों के वितरण, एम्बुलेंस सेवाओं और संकट के समय सहायता जैसे सराहनीय कार्य करती है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा के मार्ग में आने वाली चुनौतियों से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उनका डटकर सामना करना चाहिए। भगवान श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने संघर्षों के बीच कर्तव्य पालन का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने भी रेडक्रास भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सेवा भाव को सर्वोपरि बताया।
इस दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए मेडिकल कॉलेज में एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि द्वारा डॉ. श्याम बिहारी, भवन शिल्पी शिवकरन सिंह, पेंटर महेश, बिजली मैकेनिक विकास तथा कार्यक्रम संचालक अनुराग मिश्र को सम्मानित किया गया। डॉ. अनुराग ने रेडक्रास सोसाइटी द्वारा किए गए सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं प्रशासन का आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक कृष्णा पासवान, विधायक राजेंद्र पटेल, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंशी, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. राजेश मौर्य और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और रेडक्रास से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।





