सिद्धार्थनगर। भीषण और उमस भरी गर्मी को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के समय परिवर्तन के लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी व बीएसए से मांग की है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते विद्यालयों में बिजली आपूर्ति की स्थिति दयनीय है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था न होने से बच्चों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
कहा कि शिक्षा की निरंतरता बनाए रखते हुए, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। कहा भीषण गर्मी का प्रकोप चरम पर है। इस विकट परिस्थिति में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, विशेष तौर पर ग्रामीण अंचलों से आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
छात्रों को अत्यधिक गर्मी में लम्बी दूरी तय कर विद्यालय आना-जाना पड़ता है, जिससे वे गर्मीजनित बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। स्कूलों में संसाधनों के अभाव को देखते हुए बच्चों के समय परिवर्तन किया जाएं। उन्होंने जिलाधिकारी से विद्यालयों का समय कक्षा एक से आठ तक सुबह सात से अपरान्ह 12.30 बजे तक करने की मांग की है।





