बांसी सिद्धार्थनगर। दूर दृष्टि..कड़ी मेहनत..पक्का इरादा हो तो सफलता आपकी कदम चूमेगी । यह पंक्तियां यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं के छात्र सगे भाई-बहन रुद्रेश एवं अंशिका ने जनपद के टॉपटेन सूची में शामिल होकर कर दिखाया है। इन दोनों भाई-बहन ने गरीबी और अभाव को पीछे छोड़कर अपनी कड़ी मेहनत से उम्मीदें तो जगाई ही, सपनों को नया पंख दे दिया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा का परिणाम शुक्रवार दोपहर जारी किया गया। जिसमें क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग स्थित सिसहनीया गांव के ब्रह्मा नन्द उपाध्याय (रिंकू) के पुत्र रुद्रेश 94 प्रतिशत एवं अंशिका 93.33 प्रतिशत हासिल कर दोनों सगे भाई -बहन ने जनपद के टॉपटेन सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है । इस सफलता से परिवार के साथ पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। लोग दोनों बच्चों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
रूद्रेश जनपद के टॉपटेन सूची में सातवां एवं अंशिका ने दसवां स्थान हासिल किया है। ये दोनों भाई-बहन जोखना देवी इंटर कॉलेज मंझरिया, खेसरहा के छात्र हैं। प्रारंभिक से लेकर हाई स्कूल तक की शिक्षा रुद्रेश एवं अंशिका ने जोखना देवी इंटर कॉलेज मंझरिया,ख़ेसरहा से प्राप्त किया है।
रूद्रेश एवं अंशिका ने बताया कि हम दोनों भाई-बहन प्रारंभिक शिक्षा से लेकर हाई स्कूल तक कभी कोचिंग का सहारा नहीं लिए है। हम दोनों स्कूल से आने के बाद सिर्फ घर पर रहकर किताबों से सात से आठ घंटे पढ़ाई करते हैं। अंशिका ने बताया कि हम दोनों शुरु से ही घर से बस द्वारा 12 किलोमीटर दूर जोखना देवी इंटर कॉलेज, मंझरिया पढ़ने जाते हैं। वहीं रुद्रेश ने बताया कि हम दोनों कई बार साइकिल से स्कूल पढ़ने जाने का प्रयास किए लेकिन स्कूल दूर होने की वजह से पापा ने मना कर दिया।
रुद्रेश ने बताया कि आगे जेईई मेंस एवं जेईई एडवांस की तैयारी करेंगे। तो वहीं अंशिका ने कहा कि हमें नीट की तैयारी करना है,और डॉक्टर बनकर बीमार लोगों की सेवा करना है। रुद्रेश एवं अंशिका के पिता रिंकू उपाध्याय घर पर रहकर खेती किसानी का काम करते हैं , तो वहीं माता अनुपम उपाध्याय हाउस वाइफ हैं। रूद्रेश एवं अंशिका ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादी के साथ अपने गुरुजनों को दिया है। रुद्रेश ने कहा कि यदि मन में कुछ बड़ा काम करने की सोच हो और कड़ी मेहनत करने वाला हो तो सफलता उसके आगे आगे चलती है।कड़ी मेहनत और पक्का इरादा सफलता प्राप्त करने की सबसे बड़ी कुंजी है। वहीं परिवार के लोगों ने रुद्रेश एवं अंशिका को मिठाई खिलाकर उनका हौसला बुलंद किया।
इस खुशी के अवसर पर सुखदेव उपाध्याय, अष्टभुजा उपाध्याय, दीपक मिश्र, सुनील पाण्डेय ,सौरभ पाण्डेय, सुशील मिश्र, मल्लू उपाध्याय, विपिन मिश्र, गिरजा पति उपाध्याय, दिवाकर उपाध्याय, आदर्श, देवांश मिश्र, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, रामरक्षा, जितेंद्र, बृजेश, रवि मिश्र, जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, राम सवारे शर्मा आदि ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।