महोबा। मादक पदार्थों के निस्तारण एवं विनष्टीकरण के सम्बन्ध में निर्गत शासनादेशों,निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को पुलिस लाइन महोबा में पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह की उपस्थिति में जिले के विभिन्न थानों में कुल 15 पंजीकृत मुकदमों से संबंधित मादक पदार्थों के मालों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
इस दौरान कुल 44.617 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये से अधिक है, को विधिवत प्रक्रिया के अंतर्गत तौल कर इंसीनरेटर मशीन के माध्यम से नष्ट किया गया। यह कार्य मादक पदार्थ विनष्टीकरण के लिए गठित जनपद स्तरीय कमेटी की निगरानी में संपन्न कराया गया।
उक्त विनष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह, अभियोजन अधिकारी केपी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यवाही को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराते हुए संपन्न कराया गया।
जनपद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी है तथा इस प्रकार की कार्रवाईयों के माध्यम से समाज में नशे के विरुद्ध सख्त संदेश दिया जा रहा है।





