Friday, March 13, 2026
spot_img
HomeMarqueeफर्जी विकास के नाम पर सरकार लिख रही बर्बादी की इबारत -संजय...

फर्जी विकास के नाम पर सरकार लिख रही बर्बादी की इबारत -संजय सिंह

सरकार बड़े उद्योगपतियों के 16 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर रही है, जबकि किसान कर्ज के बोझ तले आत्महत्या को मजबूर हैं।

वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए “रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा शुरू की है। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए आदर्श गांव डोमरी में किसानों के बीच सभा को संबोधित किया। पटेल चबूतरा पर आयोजित सभा में संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस गांव को प्रधानमंत्री ने गोद लिया,उसी गांव को उजाड़ने की तैयारी है। डोमरी के लोगों को गांव खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई गोद लिया गांव ऐसे उजाड़ता है ?उन्होंने कहा कि,गांव के करीब 400 किसानों का आरोप है कि सरकार उनकी लगभग 250 एकड़ कृषि भूमि पर कब्जा करने की तैयारी में है। किसानों का कहना है कि विकास के नाम पर उनकी पुश्तैनी जमीन छीनी जा रही है, जबकि आज तक उन्हें न तो स्पष्ट योजना बताई गई है और न ही किसी तरह का भरोसेमंद मुआवजा। सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह मुद्दा संसद से सड़क तक गूंजता रहेगा।

श्री सिंह ने कहा कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के 16 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर रही है, जबकि किसान कर्ज के बोझ तले आत्महत्या को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर किसानों की जमीन छीनी जा रही है और उसे कौड़ियों के भाव उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। सांसद ने किसानों के साथ न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। किसानों के बीच आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह बेहद विडंबनापूर्ण है कि प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए गांव में ही किसानों को अपनी जमीन बचाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।

उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “फर्जी विकास के नाम पर यहां बर्बादी की इबारत लिखी जा रही है।” संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार विकास का ढोल पीटकर गरीब और मेहनतकश किसानों से उनकी जमीन छीनने की तैयारी कर रही है। सांसद संजय सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि डोमरी के किसानों की इस समस्या को वह राज्यसभा में पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य रूप से सर्वश्री अजीत सिंह,काशी प्रान्त अध्यक्ष पवन तिवारी,प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह,प्रवक्ता मनीष गुप्ता,जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल,देवकांत वर्मा,पल्लवी वर्मा आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular