भरुआ सुमेरपुर। कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज की खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग सक्रिय हो गए। शुक्रवार को जल संस्थान और नमामि गंगे योजना की टीमों ने मौके पर पहुंचकर लीकेज की मरम्मत कर समस्या का समाधान किया, जिससे लोगों को राहत मिली।
शुक्रवार के अंक में कस्बे के वार्ड संख्या 3 तथा ग्राम पंचायत विदोखर पुरई में पाइपलाइन लीकेज की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जल संस्थान की टीम ने वार्ड संख्या 3 में पहुंचकर लीकेज ठीक कराया।
इसी तरह नमामि गंगे योजना के कर्मियों ने ग्राम विदोखर पुरई में रुपेंद्र यादव के दरवाजे के पास सीसी मार्ग में हुए पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त किया। यह लीकेज पिछले तीन माह से बना हुआ था, जिससे सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही थी।
लीकेज ठीक होने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत महसूस की और विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताया।





