लालबहादुर शास्त्री चौराहे पर देर रात तक चला कार्यक्रम, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
फतेहपुर। शहर में होली पर्व के अवसर पर होलिका दहन से पूर्व कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के लाल बहादुर शास्त्री चौराहा स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया।
देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से होली के उल्लास को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में कुल 21 बच्चों ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के आयोजक सभासद विनय तिवारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेताओं को पुरस्कृत किया और सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अन्नू श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि होली रंगों, भाईचारे और आपसी प्रेम-सौहार्द का पर्व है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है।
इसके बाद विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। वहीं शहर के आवास विकास, आदर्श नगर, रानी कॉलोनी, आबूनगर, बाकरगंज, रामगंज पक्का तालाब, अशोक नगर, देवीगंज, राधानगर तथा पुलिस लाइन सहित कई मोहल्लों में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।





