महराजगंज। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट (प्री-बोर्ड परीक्षा–2026) की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। यह परीक्षा 12 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आयोजित की जाएगी।
परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक एकल पाली में सम्पन्न होंगी। समय-सारिणी के अनुसार 12 जनवरी को हाईस्कूल में हिंदी तथा इंटरमीडिएट में हिंदी/सामान्य हिंदी की परीक्षा होगी। 13 जनवरी को हाईस्कूल में विज्ञान और इंटरमीडिएट में भौतिक विज्ञान, नागरिक शास्त्र, लेखा शास्त्र एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित होगी।
16 जनवरी को अंग्रेजी, 17 जनवरी को हाईस्कूल में गणित एवं गृह विज्ञान तथा इंटरमीडिएट में गणित, जीव विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन एवं भूगोल विषय की परीक्षा होगी। 19 जनवरी को हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान तथा इंटरमीडिएट में रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी। 20 जनवरी को हाईस्कूल में वाणिज्य, कला, कम्प्यूटर, संस्कृत एवं उर्दू तथा इंटरमीडिएट में इतिहास, तर्कशास्त्र एवं व्यवसायिक/कृषि विषयों की परीक्षा कराई जाएगी। 21 जनवरी को शेष अन्य विषयों की परीक्षा होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शासन के निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। समय-सारिणी की सूचना जिला प्रशासन, माध्यमिक शिक्षा परिषद एवं सभी विद्यालयों को प्रेषित कर दी गई है।





