सुबह से ही भक्तों की हनुमान मंदिरों में जुटी भारी भीड़, लोगों ने पूजा अर्चना,आरती कर माथा टेंका और मांगी मन्नातें
महोबा। जिले में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। हनुमान मंदिरों में सारा दिन धार्मिक गीत संगीत मय कार्यक्रम चलते रहे। हनुमान मंदिरों में जुटी भक्तों की भीड़ ने सुबह से शाम तक पूजा अर्चना, आरती कर माथा टेंका और मन्नाते मांगी। सबसे ज्यादा भीड़ शहर के रोडवेज के सामने बने हनुमान मंदिर में जुटी। हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर ही मंदिरों की साज सज्जा कर चमका कर तैयार कर दिया गया था। मंदिरों में लाउडस्पीकरों से जय हनुमान ज्ञान गुन सागर। जय कपीस तिहुं लोक उजागर की गूंज की सारा दिन सुनाई दी।
पंचांग के अनुसार चैत्र महीने की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के दिन राम भक्त हनुमानजी का जन्म हुआ था, इसलिए इस दिन को भगवान हनुमान जी के जन्मोत्सव के रुप में हर साल मनाया जाता है, जिसके चलते गुरूवार को जिले के हनुमान मंदिरों में धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया गया। हनुमान मंदिर में मंगलवार को भक्तों की भारी भीड़ जुटती है, लेकिन गुरुवार को उनकी जयंती होने के कारण हुनमान भक्तों का इस तीर्थ स्थल पर भारी जमावड़ा लगा रहा।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य पर मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने बजरंबली का पूजन करने के बाद अभिषेक किया। सुबह से हनुमान मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हुआ और शाम तक चलता रहा। शहर के तहसील चौराहे में स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों की सारा दिन भीड़ जुटी रही। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना और अभिषेक किया। इसके बाद राहगीरों व मंदिर में आने वाले भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। हनुमान मंदिरों में शाम तक प्रसाद वितरण कार्यक्रम चलता रहा।
हनुमान के जन्मोत्सव पर गुरुवार को सनातन धर्म सेवा समिति के तत्वावधान में रोडवेज प्राइवेट मार्ग से दोपहर करीब तीन बजे से धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा रोडवेज, आल्हा चौक, डीएवी इंटर कालेज, ऊदल चौक, मैन बाजार, तहसील चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई परशुराम मंदिर पुराना प्राइवेट बस स्टैंड पर पहुंचकर समाप्त हुई।
शोभा यात्रा में हनुमान जी के 51 प्रसिद्ध स्थलों की झांकिया आकर्षण का केंद्र रही साथ ही हनुमान चालीसा करता वाद्य यंत्र, हनुमान पालकी, रामधुन मामृशक्ति के अलावा रामदरबार, शिव पार्वती की भी झांकियां शोभा यात्रा में चल रही थी। डीजे में बज रहे धार्मिक गीत सुनकर लोग थिरकते हुए चल रहे थे। शोभा यात्रा दौरान जय हनुमान के जयकारे लगने से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। जगह जगह शोभा यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।





