चंडी के पूर्व विधायक अनिल सिंह ने लालगंज में कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस पार्टी में वापसी कर चुनाव लड़ेंगे। कामेश्वर सिंह की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर सहमति दी। सिंह ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने बूथ स्तर पर कमेटी बनाने और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आग्रह किया। उन्होंने अपने पिता डॉ. राम राज सिंह को श्रद्धांजलि भी दी।
चंडी के लालगंज स्थित एक निजी उत्सव हाल में रविवार को चंडी के पूर्व विधायक अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों ने चुनाव लड़ने का आदेश दिया है इसलिए मैं चुनाव लड़ूंगा।
उन्होंने कहा कि मैं पुनः 1995 के पूर्व जिस पार्टी में था उसी पार्टी (कांग्रेस) में वापसी कर ली है। सम्मेलन की अध्यक्षता कामेश्वर सिंह ने की। उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए उपस्थित कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर सहमति ली। कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर सहमति दी।
चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं कार्यकर्ता
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। बूथ स्तर पर कमेटी बनाकर मतदाताओं को जोड़े। मतदाता सूची में छुटे पात्र नामों पर आपत्ति करें और उसे जोड़वाने का प्रयत्न करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातें धैर्य पूर्वक सुनी। कार्यकताओं को दोपहर का भोजन कराया। उन्होंने कहा कि हरनौत विधान सभा क्षेत्र के नगरनौसा और हरनौत में भी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जाएगी।
दो बार रह चुके हैं विधायक
कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने पिता पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. राम राज सिंह को श्रद्धांजलि दी। याद दिला दें, अनिल सिंह चंडी विधान सभा क्षेत्र (अब विलोपित) से दो बार विधायक (कांग्रेस और समता पार्टी से 1995 ) चुने गए। इनके पिता डॉ. रामराज सिंह कांग्रेस पार्टी में प्रभावशाली नेता थे।
सम्मेलन में कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र शाही, राजद के अर्जुन यादव, कांग्रेस के जिला महासचिव कमाल अहमद सहित पूर्व मुखिया राजेश्वर मुखिया, टुन्ना सिंह, सत्येंद्र सिंह, श्रवण कुमार, उपेंद्र सिंह, टुनटुन कुमार, प्रो. सत्येंद्र कुमार, मनोज कुमार, कामेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए।