Thursday, May 15, 2025
spot_img
HomeMarqueeआंध्र के पूर्व CM किरण रेड्डी भाजपा में शामिल

आंध्र के पूर्व CM किरण रेड्डी भाजपा में शामिल

बोले-कांग्रेस में हाईकमान कंट्रोल करने की ताकत चाहता है, पर मेहनत नहीं चाहता

हैदराबाद। सीनियर कांग्रेस लीडर और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने पिछले महीने कांग्रेस छोड़ते वक्त रेड्डी ने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को एक लाइन का इस्तीफा भेजा था।
रेड्डी बोले- कभी सोचा नहीं था कांग्रेस छोड़ूंगा
भाजपा जॉइन करने के बाद रेड्डी ने कहा, “कांग्रेस में लगातार गलत फैसले लिए गए। एक के बाद एक गलत फैसलों के चलते सभी राज्यों में कांग्रेस कमजोर हो गई। एक कहावत है कि हमारा राजा बहुत समझदार है, वो खुद सोच नहीं पाता और किसी की सलाह नहीं सुनता है।
कांग्रेस में भी ऐसा ही है। वहां हाईकमान लोगों से बातचीत नहीं करता, नेताओं की बात नहीं सुनता है। वह कंट्रोल करने की पावर तो चाहता है, लेकिन जिम्मेदारी लेना और मेहनत करना नहीं चाहता है।
अगर आपको कपड़ा सिलवाना होता है तो आप दर्जी के पास जाते हैं। आप नाई के पास नहीं जाते हैं। कांग्रेस हाईकमान को नहीं पता कि राज्य में किस आदमी को क्या जिम्मेदारी देनी है। लोगों से बात करने का जिम्मा किसको देना है। उन्हें अपने नेताओं का कैरेक्टर नहीं पता है। असली नेता वो होता है, जो लोगों से बातचीत करे। समस्याओं को समझे और ऐसे नेता को राज्य में जिम्मेदारी दे, जो इन समस्याओं को सुलझा सके।
2014 में रेड्डी ने अलग पार्टी बनाई थी
रेड्डी पहले भी कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। 2014 में जब यूपीए सरकार ने आंध्र से तेलंगाना को अलग करने का फैसला किया, तब रेड्डी ने विरोध में पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने तब अपनी जय समैक्यांध्र पार्टी बनाई थी और आम चुनाव में कैंडिडेट्स भी उतारे थे। उन्हें एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। रेड्डी 2018 में वापस कांग्रेस में शामिल हो गए।
एक दिन पहले एके एंटनी के बेटे ने जॉइन की भाजपा
एक दिन पहले गुरुवार को कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने भाजपा जॉइन कर ली। जॉइनिंग के बाद अनिल एंटनी ने कहा- मुझे एक खास परिवार के लिए नहीं, आम लोगों के लिए काम करना है। अगले 25 सालों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के पीएम मोदी के लक्ष्य को पूरा करने का काम करना है।
अनिल एंटनी ने इसी साल जनवरी में कांग्रेस के पद और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वह केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर थे। 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर अनिल एंटनी ने मोदी के सपोर्ट में ट्वीट किया था, जिसे डिलीट करने का दबाव बनने पर उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी।
ट्वीट में अनिल ने कहा था- बीबीसी का इतिहास भारत के प्रति पूर्वाग्रह का रहा
बीबीसी की विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री को लेकर अनिल एंटनी ने ट्वीट किया था- भाजपा के साथ तमाम मतभेदों के बावजूद बीबीसी और ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ के विचारों को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व देना खतरनाक चलन है और इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। जैक स्ट्रॉ ने ही इराक युद्ध की योजना बनाई थी। बीबीसी ब्रिटेन सरकार का प्रायोजित चैनल है। उसका भारत के प्रति पूर्वाग्रह का इतिहास रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular