विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है- प्रदीप चंद्र गुप्ता
इटावा। यश इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों एवं स्टाफ को आग से बचाव की जानकारी देने हेतु अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में सही प्रतिक्रिया देना और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में फायर ऑफिसर सुभाष चंद्र,रामवीर सिंह यादव,संदीप तथा भूपेंद्र चौधरी ने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया।उन्होंने आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों,अग्निशामक यंत्रों के प्रयोग तथा सुरक्षित निकासी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में विद्यालय से सुरक्षित बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया।फायर ऑफिसर ने लाइव डेमो के माध्यम से घरेलू सिलेंडर में लगी आग को बाल्टी, पानी एवं अन्य साधनों से बुझाने की तकनीक भी सिखाई।फायर ऑफिसर सुभाष चंद्र ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आग लगने की आपात स्थिति में संयम बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी को सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान पर पहुँचने और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना देने की सलाह दी।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र गुप्ता ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस प्रकार की अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल से छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सीखने का अवसर मिलता है।हमें खुशी है कि फायर विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।भविष्य में भी हम ऐसे सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करते रहेंगे, ताकि सभी विद्यार्थी सुरक्षित और जागरूक रहें।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।





