Saturday, April 20, 2024
spot_img
HomeMarqueeसुरीली आवाज से सुरों के सरताज बनें सुरजीत अलबेला

सुरीली आवाज से सुरों के सरताज बनें सुरजीत अलबेला

सुरीली आवाज से सुरों के सरताज बनें सुरजीत अलबेला
छोटी सी उम्र से ही भजनों में रमा मन, बन गये सुपर स्टार भजन गायक
सुरीली आवाज ने दिलायी इस क्षेत्र में कई उप नामों से पहचान
आया खाटू नरेश भजन ने भक्तों को बनाया सुरजीत अलबेला का दीवाना
कानपुर महानगर। कहते हैं जब हुनर पास हो तो कामयाबी की बुलंदियों पर पहुँचते वक्त नहीं लगता। बस जरूरत होती है तो सिर्फ जज्बे और हौसले की। ऐसे ही समूचे विश्व में अपने कानपुर महानगर का नाम रोशन कर रहे एक हुनरमन्द का अवधनामा के माध्यम से आपका परिचय कराते हैं….. जानिये सुरों के सरताज सुप्रसिद्ध भजन गायक सुरजीत अलबेला की “खासियत” जिसने भजनों में रुचि रखने वाले भक्तों को इनका दीवाना बना दिया। स्वरों की गमक की से ये कंपू शहर का नाम ही नहीं रोशन कर रहे बल्कि यह गमक आज इनकी पहचान भी है।
21 मई वर्ष 1982 में भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या के पास अम्बेडकर नगर जिले के मालीपुर गाँव (बामनपट्टी) में जन्में सूरज पाण्डेय जिनका आज की दुनियां में संगीत गायन के क्षेत्र में फेमस नाम सुरजीत अलबेला है। छोटे से गाँव में जन्में सूरज पांडेय का बेहद कम उम्र से ही मन धार्मिक आयोजनों में होने वाले भजनों में रमने लगा। लगभग पाँच वर्ष की आयु से ही ये गाँव व क्षेत्र में होने वाली दुर्गा पूजा देखने घर वालों के साथ जाया करते थे। तभी से इनकी तम्मना थी कि हम भी भजन गायक बनें। कहते हैं जब मन में पूर्ण लगन और कर्तव्य निष्ठा हो तो कोई भी काम नामुमकिन नहीं होता। और यही आगे चलकर छोटे से गाँव मे जन्में सूरज पांडेय के साथ हुआ। आज महज 36 वर्ष की उम्र में ही इनकी मेहनत और लगन ने इनको वो मुकाम दे दिया जिसको दुनियाँ सलाम करती है। मालीपुर गाँव में जन्में यही सूरज पांडेय आज सुप्रसिद्ध भजन गायक “सुरजीत अलबेला”    के नाम से प्रसिद्ध हैं।
माता सरस्वती की कृपा से स्वरों की गमक ने सूरज पाण्डेय से सुरजीत अलबेला के साथ-साथ इस क्षेत्र में कई अन्य उपनामों से पहचान दी। आज यही सूरज…  सूरज बम्बइया, सूरज चक्रधारी, सुरजीत अलबेला चक्रधारी, सूरज कनपुरिया आदि के नाम से जानें जाते हैं। सुरजीत अलबेला के कई एलबम आज भक्तों के बीच फेमस हुये। इनकी सबसे पहली प्रस्तुति.. श्री श्याम का झूला ने भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुरजीत अलबेला की कई प्रस्तुतियों में  भजन….  डोली- अर्थी,  भूकम्प से बचायेगी मां, आया खाटू नरेश, श्री श्याम शरण आदि ने भक्तों का मन मोहा और उनको दीवाना बना दिया। सुरजीत अलबेला इस क्षेत्र में खाटू श्याम के भजनों पर विशेष जोर देते हैं। मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुति के दौरान इस गायक के कई अन्य हुनर उपस्थित जनमानस को कायल बना देते हैं। होने वाले देवी जागरण के आयोजनों में भजन संध्या सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में इनकी डिमांड बुकिंग पर होती है। यह महान गायक होंठो में सुई चुभोकर भजनों की प्रस्तुति, दोनों हाँथों से चक्र चलाना आदि हुनर से भक्तों को अपना कायल बनाता है। सुरजीत अलबेला स्टार नगरी मुम्बई में पेंटर के नाम से भी फेमस हुये इनका बॉम्बे की दीवारों पर पेंट करने के शौक ने इन्हें चकाचौंध वाली नगरी में पेंटर के नाम की भी पहचान दी।
सुरजीत अलबेला की विशेषता है कि अपनी जन्म देने वाली मां की भरपूर सेवा करना, गौउवों की सेवा, कछुओं का प्रेम और मछली पालन उनकी सेवा, कुत्ता पालना, बेजुबान जनवरों की सेवा इनकी प्राथमिकता रही है। सरल स्वभाव और सौम्य व्यवहारी सुरजीत अलबेला अपने जीवन में शुरू से ही असहायों की सेवा, दीन दुखियों का सहयोग, गरीब कन्याओं की शादी में बढ़चढ़कर सहयोग करते रहे हैं।
सुप्रसिद्ध भजन गायक अलबेला कई संगठनों से भी जुड़े हैं।  सुरजीत अलबेला कई देशों में हिन्दुत्व पर कार्य कर रही संस्था राष्ट्रीय युवा वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। जिसके दायित्व निर्वहन में यह कई राज्यों में अपनी टीम बनाकर समाजसेवा के उत्कृष्ट कार्य करते हैं। इनका शुरू से ही ग्रमीण जीवन से लगाव होने के कारण इन्होंने पौधा रोपण हरियाली पर विशेष ध्यान केंद्रित रहा है। अपने जीवन में इस भजन गायक की एक विशेष इच्छा और तमन्ना है कि अपनी खुद की जमीन पर एक भव्य मंदिर का निर्माण कराना और विशाल वृद्धाआश्रम बनवाकर उसके माध्यम से जनहित में जरूरत मन्दों को हर जरूरी सेवायें मुहैया कराना। वर्तमान समय में कानपुर शहर के दर्शन पुरवा में निवास कर रहे सुरजीत अलबेला अपने स्वरों की गमक के हुनर से विश्व में शहर कानपुर का नाम रोशन कर रहे हैं।
सर्वोत्तम तिवारी की रिपोर्ट 
——————————————————————————————————————-
अगर आप भी चाहते है अपने मोबाइल पर खबर तो तुरंत इस 9918956492 नंबर को अपने फ़ोन में अवधनामा के नाम से सेव करे और हमे व्हाट्सप्प कर अपना नाम और जिला बताये और पाए अपने फोन पर लेटेस्ट खबरे 
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular