नमाज के बाद आपसी भाईचारा, देश में अमन चैन और मुल्क की तरक्की के लिए की गई दुआएं
महोबा। जिले में ईद का त्योहार हर्षोल्लास और खुशी के माहौल में मनाया गया। शहर की ईदगाह सहित अलग अलग मस्जिदों में निर्धारित समय पर पाकीजगी के साथ ईदुल फितर की नमाज अदा की गई। ईद की नमाज के लिए सुबह से ही नमाजी नए लिबास पहनकर तैयारियों में जुटे रहे और ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की। नमाज के बाद आपसी भाईचारा, देश में अमन चैन और मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी गई। सुरक्ष की दृष्टि से ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों के आसपास में पुलिस बल तैनात किया गया। ईदगाह के चारो तरफ सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कर्मचारी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते दिखाई दिए। नमाज के बाद डीएम, एसपी व अन्य अधिकारियों ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
गौरतलब है कि ईदुल फितर की नमाज में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए लोग सुबह सात बजे से ही ईदगाह पहुंचने लगे थे, वहीं बुजुर्ग और लाचार लोग मस्जिद दाखिल हो गए। ईद के चलते ईदगाह सहित मस्जिदों में भारी हुजूम उमड़ पड़ा। शहर की ईदगाह में काजी-ए-शहर सैयद आफाक हुसैन ने आठ बजे, शहर की जामा मस्जिद में हाफिज खालिक साहब ने सबा आठ बजे और शहर की मगरियापुरा की नूरानी मस्जिद में हाफिज कारी सलीम साहब ने साढ़े आठ बजे ईदुल फितर की नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद एक साथ हजारो हाथ मुल्क की सलामती और आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए दुआ में उठे। दुआ के बाद सभी लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद त्योहार की मुबारकबाद दी। वाट्सएप और फेसबुक और मोबाइल पर सारा दिन ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा।
ईदुल फितर की नमाज के बाद एक दूसरे के घरों में जाकर लोगों ने सिवई खाई और गले मिलकर एक दूसरे को ईद त्योहार की मुबारकबाद दी। ईद पर्व पर हिन्दू भाईयों ने मुस्लिमों के घर पर जाकर सिवई खाने के बाद उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं देकर हिन्दू मुस्लिम आपसी भाईचारे का संदेश दिया। मुस्लिमों के यहां लोगों का आने जाने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोग अपने मित्रों के यहां जाकर त्योहार की मुबारकबाद देने में जुटे रहे, जिसके चलत मुस्लिम बाहुल इलाकों में देर रात तक खासी चहल पहल नजर आई।
अधिकारियों की मौजूदगी में हजारों लोगों ने ईदगाह में अदा की नमाज
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने ईद-उल-फितर (ईद) पर्व की नमाज के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर की ईदगाह का अधिकारियों के साथ भ्रमण कर सतर्क निगरानी रखते हुए नमाज को शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल सम्पन्न कराया गया। इसी प्रकार जिले की समस्त ईदगाहों व मस्जिदों में भी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने भ्रमण दौरान ईदगाहों का निरीक्षण करते हुए वहां के धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमाम एवं मौलाना से मुलाकात कर वार्ता की गई। ड्रोन के माध्यम से भी अधिकारियों ने ईदगाह के चारो तरफ निगरानी रखी। इस दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिल जुलकर त्यौहार मनाने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देकर आपसी भाईचारा एवं आत्मीयता का परिचय दिया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, उपजिलाधिकारी, सीओ सदर सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।





