Monday, March 23, 2026
spot_img
HomeMarqueeबिलग्राम में ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा, अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं

बिलग्राम में ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा, अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं

बिलग्राम नगर में आज ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे उत्साह, उल्लास और गहरे भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर की मस्जिदों और ईदगाहों पर नमाज़ अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तय समय पर ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में ईद की नमाज़ अदा की गई, जिसमें हजारों की संख्या में रोज़ेदारों ने शिरकत कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।

नमाज़ के बाद का नज़ारा बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला रहा। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और “ईद मुबारक” की गूंज से पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते नजर आए, जिसने गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत मिसाल पेश की।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आसिफ अली शम्मू अपने समर्थकों के साथ ईदगाह पहुंचे और लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है, जिसे हम सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

वहीं युवा प्रत्याशी इमरान मंसूरी ने भी क्षेत्रवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करता है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पति राजारमन गुप्ता भी ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिलग्राम की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की रही है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अफसर अली और पूर्व प्रत्याशी बिर्जेश वर्मा ‘टिल्लू’ भी इस अवसर पर मौजूद रहे और सभी को गले मिलकर ईद की बधाई दी। ईदगाह के मुतवल्ली फ़ाज़िल ने नमाज़ के बाद सभी नगरवासियों को ईद की मुबारकबाद दी और अपील की कि सभी लोग आपसी प्रेम और भाईचारे को बनाए रखें तथा समाज में शांति और सद्भाव को मजबूत करें।

प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह पर एसडीएम एन. राम और नायब तहसीलदार मुकेश चौधरी स्वयं मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। कोतवाल विजय कुमार और कस्बा इंचार्ज अजय तोमर के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जिसने नमाज़ को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया।

नगर के बाजारों में भी ईद की रौनक देखने को मिली। मिठाइयों, सेवइयों और कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदी पाने और खुशियां मनाने में मग्न नजर आए। ईद-उल-फितर का यह पावन पर्व बिलग्राम में आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देते हुए पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular