के के कालेज ने पूर्व यशस्वी छात्र प्रो सूर्यकांत का किया अभिनंदन
इटावा। के के पीजी कॉलेज में वायु प्रदूषण:स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती विषय पर एक विशेष व्याख्यान छात्र छात्राओं के लिए आयोजित किया गया।
कॉलेज के सभागार में वायु प्रदूषण: स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में के के कॉलेज के पूर्व टॉपर यशस्वी छात्र रहे विश्व के 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शुमार प्रोफेसर डॉ.सूर्य कान्त,प्रोफेसर एंड हेड रेस्पिरेट्री मेडिसिन डिपार्टमेंट,किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी(केजीएमयू), लखनऊ,नेशनल कोर कमेटी सदस्य, डॉक्टर्स फॉर क्लीन एयर एंड क्लाइमेट एक्शन रहे।कार्यक्रम की शुरुवात मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन से हुई।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो0डॉ महेंद्र सिंह एवं उनके सहयोगी स्टाफ ने महाविद्यालय के पूर्व यशस्वी छात्र प्रोफेसर डॉ सूर्य कान्त का माल्यार्पण,बुके,स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।डॉ.सूर्य कान्त ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि मानव जीवन के लिए हीमोग्लोबिन और ऑक्सीजन दोनों अत्यंत ही आवश्यक हैं, किंतु यदि हम प्रदूषित वायु में लगातार ही सांस लेते रहते हैं तो यह प्रदूषित ऑक्सीजन रक्त वाहिकाओं के माध्यम से शरीर के विभिन्न जरूरी अंगों तक पहुँचकर अनेक गंभीर बीमारियों का कारण भी बनती है।उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण से निमोनिया,क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी)तथा फेफड़ों के कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा दोगुना बढ़ जाता है। उन्होंने वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों का उल्लेख करते हुए कहा कि वाहन उत्सर्जन,खुले में कचरा जलाना, औद्योगिक धुआँ,निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल तथा घरों में लकड़ी या कोयला जलाना प्रमुख कारण हैं।
उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देते हुए अपनी कड़ी मेहनत के साथ तय की गई सफल जीवन यात्रा एवं छात्र जीवन से जुड़े कई किस्से कहानियों को सुनाकर सबको खूब हंसाया।पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए कार्य कर रही संस्था ऑर्गेनाइजेशन फॉर कंजर्वेशन ऑफ एनवायरनमेंट एंड नेचर(ओशन) के अध्यक्ष डॉ.सूर्य कान्त ने अपने प्रेरक संदेश में कहा कि जीवन में अपनी मातृ भूमि की जड़ों और संस्कारों को कभी भी मत भूलना,वे आज भी अपने इटावा और अपने पूर्व विद्यालय से दिल से जुड़े हुए है और अपनी मातृभूमि का यही प्रेम उन्हें यहां बार बार ले आता है।इस अवसर पर संस्था ओशन के महासचिव वन्यजीव विशेषज्ञ सर्पमित्र डॉ आशीष त्रिपाठी,एवं डिस्ट्रिक कॉर्डिनेटर ओशन डॉ पीयूष दीक्षित को भी सम्मानित किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो0डॉ महेंद्र सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि,आज हमारा महाविद्यालय परिवार अपने पूर्व यशस्वी छात्र को अपने बीच पाकर बेहद ही गौरवान्वित महसूस कर रहा है उन्होंने डॉ.सूर्य कान्त का कॉलेज आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज आपका यह प्रेरक व्याख्यान विद्यालय के सभी बच्चों को एक नई दिशा प्रदान करेगा आपके सभी महत्वपूर्ण सुझाव हम सभी को जनपद में वायु प्रदूषण को कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं युवा पीढ़ी को स्वस्थ रखने की भी हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो पद्मा त्रिपाठी ने किया।इस अवसर पर सभागार में सैकड़ों छात्र छात्राओं शिक्षकों कर्मचारियों में प्रो ओमकुमारी,प्रो मनोज गुप्ता,लेफ्टिनेंट प्रो सुनील सिंह सेंगर,प्रो हिमांशु, डा सुरभि सिंह,डा अजरा बेगम अफरीदी,डा मिथलेश दीक्षित,डा चित्रा यादव,अजय कुमार,डा मुरली,डा अंकुर वर्मा,डा सुशील कुमार,बड़ेबाबू मधुसूदन,अखिलेश कुमार वर्मा,पवन वर्मा,अंबुज दीक्षित,आशीष पटेल,बंटू,विक्रांत,हरिओम विशेष रूप से मौजूद रहे।कार्यक्रम का भव्य समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा वायु प्रदूषण कम करने एवं विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण करने की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ सम्पन्न हुआ।





