बिसौली में एक महिला ने पति पर सौतेली बहन से संबंध का आरोप लगाकर तलाक ले लिया। अब वह पति से 24 लाख रुपये मांग रही है और उसे घर से निकलने नहीं दे रही। युवक का कहना है कि उसके पास पैसे नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ही पति पर सौतेली बहन से संबंध होने का आरोप लगााते हुए तलाक ले लिया। अब उसने पति से 24 लाख रुपये मांगे हैं और उसका घर से निकलना बंद करा दिया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव का है।
यहां के एक युवक का कहना है कि उसकी मां की मृत्यु के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी की थी। जिस महिला से दूसरी शादी हुई। उसकी एक लड़की भी है और वह उसको अपनी सगी बहन मानता है। कुछ साल पहले युवक का निकाह हुआ था। करीब एक साल से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। उसने अपने पति पर उसकी ही सौतेली बहन से संबंध होने का आरोप लगा दिया और उसके बाद युवक से तलाक भी ले लिया।
ससुरालवालों पर लगाए आरोप
अभी कुछ दिन पहले उसकी पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी थी और अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। इससे पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया था। जब दोनों पक्षों के रिश्तेदार कोतवाली पहुंचे तो उसकी पत्नी ने 24 लाख रुपये देने को कहा और चार नवंबर तक रुपये देने की शर्त रखी। इस दौरान युवक के पिता ने दिल्ली जाने का प्रयास भी किया लेकिन उसके ससुराल वालों ने उन्हें नहीं जाने दिया और युवक पर भी नजर बनाए हुए हैं। युवक का कहना है कि उसके पास फूटी कौड़ी नहीं है। वह 24 लाख रुपये कहां से देगा।
सीओ सुनील कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्रार्थना पत्र आया है। इसमें जांच के अनुसार ही कार्रवाई कराई जाएगी।





