मिठौरा(महराजगंज)। चौक थाना क्षेत्र के टीकर–पड़री सिवान में निचलौल–चौक मुख्य मार्ग पर बुधवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवक का शव मोटरसाइकिल सहित सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पेट के बल पड़ा मिला। शव देख राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर चौक पुलिस और सीओ निचलौल मौके पर पहुंचे। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी थी, तभी चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सेखुई निवासी मृतक के भाई हरेंद्र मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने छोटे भाई गौतम (22)पुत्र सिंहासन के रूप में की।
पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया। मृतक के बड़े भाई हरेंद्र ने बताया कि गौतम सोमवार को अपने एक दोस्त के साथ नई मोटरसाइकिल खरीदने गया था। दोनों नई बाइक लेकर घर पहुंचे और परिजनों को लड्डू व नारियल देकर पूजा-पाठ करने को कहा। इसके बाद गौतम अपने दोस्त के साथ पुरानी मोटरसाइकिल लेकर निकल गया।
सोमवार को शाम करीब सात बजे फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसके बाद संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह उसका शव सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में बाइक समेत मिला। इस संबंध में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





