व्यापारियों ने पकड़ा था आरोपी, असली रकम न मिलने पर कोतवाली में काटा बवाल; पुलिस बोली- जल्द होगा पूरा खुलासा
महोबा। सदर कोतवाली क्षेत्र के छतरपुर रोड स्थित मां चंद्रिका पाइप सेनिटरी एंड हार्डवेयर की दुकान में लगातार दो बार रात में लगातार चोरी करके पेंट के डिब्बे और लगभग एक लाख रुपये नगद पार कर लिये। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी काउंटर पर रखी गुल्लक से नकदी निकालते और फिर वहीं बैठकर आराम से नोट गिनते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित व्यापारी ने अपनी सूझबूझ से संदिग्ध आरोपी को पकड़ लिया और शहर कोतवाली पुलिस के हवालेi कर दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पैसा बरामद किया, लेकिन बरामद किए गए 50 हजार रुपये नकली निकले। बच्चों के खेलने वाले इन नोटों की बरामदगी के बाद मामला और उलझ गया, क्योंकि चोरी गई असली नकदी अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।
असली रकम बरामद न होने पर स्थानीय व्यापारियों और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के कार्यकर्ताओं में नाराजगी जताते हुए कोतवाली में हो हल्ला मचाया। व्यापारियों का कहना है कि चोरी की घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो चोरी गई नकदी बरामद हुई है और न ही बाकी सामान का पता चल सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। चोरी गई असली नकदी और अन्य सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर शेष सामान और रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।





