फतेहपुर। प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय विकास मेले का दूसरा दिन गुरुवार को आईटीआई फतेहपुर परिसर में उत्साह और जागरूकता के माहौल के बीच संपन्न हुआ। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनसे मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जाना। ज्ञात हो कि इस मेले का उद्घाटन 18 मार्च 2026 को प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया था। इसके तहत लगातार नौ दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
दूसरे दिन कृषि विभाग, आयुष विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सूचना विभाग, आवास विभाग, बैंकिंग संस्थान एवं उद्योग विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे किसान कल्याण योजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन योजनाएं, आवास योजनाएं, स्वरोजगार योजनाएं आदि के बारे में जानकारी दी।
कई स्थानों पर लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया गया। मेले का प्रमुख आकर्षण सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा नामित सांस्कृतिक दल “श्रीमंत रूपेश जादूगर एंड पार्टी” का जादू कार्यक्रम रहा। इस कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों ने मनोरंजक अंदाज में प्रदेश सरकार के 09 वर्षों की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
खासकर छात्र-छात्राओं ने इस प्रस्तुति को काफी सराहा और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मेले में न केवल जानकारी और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, बल्कि यह कार्यक्रम लोगों के लिए मनोरंजन का भी माध्यम बना। आयोजन स्थल पर दिनभर चहल-पहल बनी रही और विभिन्न वर्गों के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशासन की ओर से मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।





