हमीरपुर जिले के मौदहा में हर घर तिरंगा अभियान के नाम पर स्कूलों से वसूली का मामला सुर्खियों में है। बुधवार सुबह से सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें सभी स्कूलों से 600 रुपये जमा करने और इसे कम्पोजिट ग्रांट में दिखाने की बात कही गई है। इस मैसेज ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
वायरल मैसेज में लिखा है कि न्याय पंचायत अरतरा के सभी प्राधानाध्यापकों से हर घर तिरंगा अभियान के लिए 600 रुपये 13 अगस्त तक बीआरसी मौदहा में सेवेंद्र जी के पास जमा करने को कहा गया है। मैसेज में यह भी उल्लेख है कि यह राशि कम्पोजिट ग्रांट में समायोजित की जा सकती है। यह मैसेज शिक्षा विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में डाला गया, जिसे एक अध्यापक ने स्क्रीनशॉट लेकर न्यूज ग्रुप में शेयर कर दिया।
प्राइवेट स्कूल संचालकों ने भी नाम न छापने की शर्त पर ऐसे ही दबाव की बात स्वीकारी। हालांकि, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सुशील कुमार कमल ने इस मैसेज को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा, “ऐसे किसी मैसेज की मुझे कोई जानकारी नहीं है। यह फर्जी है और इसका मेरे कार्यालय से कोई संबंध नहीं है।”
यह विवाद जिले में अभियान की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने मांग की है कि इस मामले की जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।





