संविधान बदलने वाले देश में बैसाखी के सहारे कर रहे हुकूमत– नफीस फारुकी
सुल्तानपुर।कांग्रेस आज पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 55 वा जन्मदिन मना रही है। पार्टी नेतृत्व ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की घटना को लेकर किसी भी प्रकार के विशेष कार्यक्रम पर पूर्णतः प्रतिबंधित कर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को वृक्षारोपण कर जन्मदिन मनाने के लिए निर्देशित किया गया। जिले में जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में पार्टी कार्यालय के प्रांगण में पौधरोपण कर नेता प्रतिपक्ष एवं जननेता राहुल गांधी के दीर्घायु होने की कामना की। तत्पश्चात कार्यालय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्टी को संबोधित करते हुए जिला कॉंग्रेस कमेटी के निवर्तमान प्रवक्ता नफीस फारुकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी के दुख सुख को समझती है अहमदाबाद कि विमान दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने जो निर्देश दिया हम लोगों ने अनुपालन किया और राहुल गांधी के नाम का एक पौधा रोपित कर देश से नफरत को खत्म कर मोहब्बत को बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यालय के प्रांगण में लगाया गया मोहब्बत का पौधा आने वाले वक्त में अपनी साखों को और मजबूत करेगा, इसी तरह हमें और आपको संविधान की हिफाजत कर लोकतंत्र को मजबूत करना है। जब लोकतंत्र मजबूत होगा तभी देश में भाईचारा होगा लोगों के पास कारोबार होंगे और खुशहाली होगी जो असलियत में रामराज्य होगा। वहीं उन्होंने कहा आज के समय में भारतीय जनता पार्टी के लोग संविधान और लोकतंत्र की हत्या करने में जुटे हैं, समय-समय पर भाजपा के लोग संविधान बदलने की बात करते हैं लेकिन 2024 की लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने इन्हें जवाब दिया और बैसाखी के सहारे देश की हुकूमत करने पर मजबूर कर दिया शायद इन्हें जनता की ताकत का अनुभव नहीं सत्ता की नशे में चूर तानाशाही रवैया अपना रहे है, लेकिन प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में इन्हें प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष सुब्रत सिंह सनी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में मोहब्बत भाईचारा बढ़ाया जिसे हम सबको आने वाले समय में और अधिक बढ़ाना है। आपको बता दें कि जनपद के लगभग समस्त ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन पौधों पर मनाया गया। इस अवसर पर निवर्तमान महासचिव ममनून आलम, आवेश अहमद, शीतला साहू,पवन मिश्र कटावा श्याम लगन गुड्डू जायसवाल अवधेश गौतम आदि लोग मौजूद रहे।