Monday, April 13, 2026
spot_img
HomeMarqueeजन समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय...

जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

कांग्रेस का अल्टीमेटम – गैस कालाबाजारी नहीं रुकी तो होगा बृहद आंदोलन

फतेहपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला व शहर नेतृत्व के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनपद की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली, गैस, जाम, नाला निकासी और अतिक्रमण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में विद्युत कंपनियों द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए कहा कि सरकार द्वारा इसे वैकल्पिक व्यवस्था बताया गया था, लेकिन इसे जबरन लागू किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाया है, उन्हें बिल जमा करने के बावजूद “माइनस बैलेंस” दिखाकर कनेक्शन काट दिया जाता है और कई दिन बाद बहाल किया जाता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसके साथ ही गैस किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बाजार में रसोई गैस की कमी के चलते उपभोक्ताओं को अधिक दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ज्ञापन में विशेष रूप से ललिता गैस एजेंसी का उल्लेख करते हुए कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की गई।

यातायात समस्या को लेकर कांग्रेस ने ज्वालागंज से राधा नगर चौराहे तक डिवाइडर बनवाने की मांग उठाई, जिससे रोज लगने वाले भीषण जाम से लोगों को राहत मिल सके। इसके अलावा आबूनगर से शांति नगर तक बने नाले की समुचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई, ताकि जलभराव की समस्या समाप्त हो सके। ज्ञापन में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर भी चिंता जताई गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्रवाई के दौरान छोटे दुकानदारों का सामान क्षतिग्रस्त न किया जाए और पहले उन्हें चेतावनी देकर उचित समय दिया जाए, ताकि गरीबों को नुकसान से बचाया जा सके। वहीं ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि सरकार जहां एक ओर गैस किल्लत से इनकार कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता सिलेंडर के लिए परेशान है और ऊंचे दामों पर खरीदने को मजबूर हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गैस एजेंसियों की मनमानी पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस मौके पर संतोष कुमारी शुक्ला, सुधाकर अवस्थी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, शेख एजाज अहमद, देवी प्रकाश दुबे, राजू लोधी, सहाब अली, राजीव लोचन निषाद, हेमलता पटेल, शोभा दुबे, पप्पी राजपूत, पूनम द्विवेदी, रेखा पासवान, शकीला बेगम, साजिया खान, आदित्य श्रीवास्तव, ओम प्रकाश कोरी, प्रशांत शुक्ला, कल्लू कोरी, आफताब, नौशाद अहमद, निजामुद्दीन, अमीरउलजमा खान, असगर अली, सफीक अली, अवधेश तिवारी, ज्ञान सिंह पटेल, मनोज घायल, इशरत खान, नजमी कमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular