
अलोक अग्रवाल (अवधनामा संवाददाता)
सहारनपुर।(Saharanpur) पूर्व एमएलसी व उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष हेम सिंह पुंडीर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षकों को प्राप्त उपलब्धियों को बनाये रखने के लिए एक जुटता बनाये रखनी होगी और संघर्ष के लिए संघर्षशील भी बनना होगा।
पूर्व एमएलसी हेम सिंह पुंडीर आज एसएएम इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों को प्राप्त उपलब्धियों को बनाए रखने व नवीन उपलब्धियों को प्राप्त करने के लिए संगठन को मजबूत बनाना ही होगा। हेम सिंह पुंडीर ने कहा कि संघर्ष ही संगठन का आधार है और शिक्षकों को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ सुशील पुंडीर ने शिक्षकों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनपद को इस वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाली त्रिदिवसीय ग्रीष्म कालीन गोष्ठी के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है,
जिसे सफल बनाने के लिए जनपद कोई कोर कसर नही छोड़ेगा। बैठक को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शर्मा, मंडलीय मंत्री राजेश्वर बंधु, जिलाध्यक्ष डॉ सादाराम, जिलामंत्री रवि गुप्ता ने भी सम्बोधित किया। आज के कार्यक्रम में 1 अप्रैल को प्रधानाचार्य का कार्यभार ग्रहण करने वाले प्रधानाचार्य शिव कुमार त्यागी, ऋषि पाल सिंह, डॉ राजकुमार, का संगठन द्वारा स्वागत भी किया गया। कार्यक्रम को नगर अध्यक्ष बलवीर सिंह, बृजेश पुंडीर, मनोज शर्मा, प्रमोद त्यागी, श्रीमती सुषमा राजपूत, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, दीपक श्रीवाल, राम शास्त्री व सुनील शर्मा ने भी संबोधित किया।





