संरचनात्मक सावधानी न बरतने से हुई घटना
अलीगढ़। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार ने सूतमील-भांकरी मार्ग पर चल रहे नाला निर्माण कार्य के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 28 मार्च को राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से सरकारी भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया था और सभी स्थानीय निवासियों को पूर्व में ही अवैध अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने के सबंध में सूचित किया गया था। प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अधिकांश अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा 4 अप्रैल तक स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया गया।
इसी क्रम में एक पुरानी एवं जर्जर दुकान, जोकि मिट्टी के गारे से निर्मित थी, को हटाने के दौरान आवश्यक संरचनात्मक सावधानी न बरते जाने के कारण 7 अप्रैल की रात्रि में उसका आंशिक भाग गिर गया। उन्होंने स्पष्ट किया गया कि संबंधित स्थल पर नाले का निर्माण कार्य 6 अप्रैल को ही पूर्ण हो चुका था। ऐसे में इस घटना का निर्माण कार्य से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि कार्य के दौरान एक समय में सीमित क्षेत्र में ही खुदाई की जा रही है और खुदाई के तुरंत बाद निर्माण कार्य पूरा कराया जा रहा है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में लोक निर्माण विभाग की कोई लापरवाही नहीं पाई गई है। संबंधित दुकान पूर्व से ही जर्जर स्थिति में थी और अतिक्रमण हटाने के दौरान बरती गई असावधानी के कारण यह घटना हुई। उल्लेखनीय है कि आसपास की अन्य दुकानों, जिनमें पार्षद की दुकान भी शामिल है, को कोई क्षति नहीं पहुंची है। लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षेत्र में बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के लिए यह कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तेजी से कराया जा रहा है। विभाग जनहित में प्रतिबद्ध है और निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए सतत प्रयासरत है।





