अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालिज द्वारा महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण लखनऊ के निर्देशन में महिला सशक्तीकरण पर आयोजित तीन दिवसीय ओरियंटेशन एवं कैपिसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को समाजिक दूरी का पालन करते हुए सर्टीफिकेट वितरित किये गये।
जेएन मेडीकल कालिज प्राचार्य एवं सीएमएस प्रोफेसर शाहिद ए0 सिद्दीकी ने सर्टीफिकेट वितरित करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से इसका प्रभाव समाज, राजनीति और अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण के द्वारा ही एक मजबूत समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम की समन्वयक एवं फिजियोलोजी विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर संगीता सिंघल और कार्यक्रम की सह समन्वयक एवंज जेएन मेडीकल कालिज हस्पताल की सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुश्री आदिला सुल्ताना ने महिला सशक्तीकरण पर आयेाजित उक्त कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष एवं आंतरिक शिकायत समिति की पीठासीन अधिकारी प्रोफेसर रोमाना एन सिद्दीकी ने महिलाओं के यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहिषुणता की नीति पर व्याख्यान दिया। जब कि यूजीसी-एचआरडी सेंटर की सहायक निदेशक डा0 फायजा अब्बासी ने काम काजी महिलाओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार रखे। इसके अलावा समीरा इफितखार, जैनब इफितखार, मोहम्मद अहमद, शारोज, व फहीम ने अलीगढ़ मार्शल आर्ट एकाडमी के असरार अहमद के मार्गदर्शन में कराटे और टायकवोंडो जैसी आत्मरक्षा तकनीक का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण पर तीन लघु फिल्में भी दिखाई गई।





