पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन मशीन की मदद से ट्रक में फंसे शवों को निकाला बाहर
महोबा । कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना श्रीनगर के बरा नाला के समीप दो ट्रकों की आमने सामने टक्कर हो जाने से दोनो ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस काफी प्रयास के बाद भी ट्रक में फंसे चालकों के शवों को बाहर न निकाल सकी। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटना ग्रस्त ट्रकों की केबिनो में फंसे चालकों के शवों को बाहर निकाला कर उनकी शिनाख्त कराई गई, दुर्घटना के कारण हाईवे में काफी देर तक आवागमन बाधित रहा, लेकिन पुलिस ने ट्रकों को हटवाकर जाम खुलवाया।
मध्यप्रदेश के छतरपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम घटेरी निवासी तेज कुमार प्रजापति 32 पुत्र चुनबद्दी प्रजापति ललितपुर से ट्रक पर विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहा था तभी श्रीनगर थाना के बरा नाला के समीप शनिवार की सुबह समाने से आ रहे दूसरे ट्रक से आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनो ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और दोनो चालक अपने अपने ट्रक की केबिन में बुरी तरह फंस गए जिससे मौके पर ही दोनो चालकों की मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने संबन्धित थाना पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पुलिस टीम पहुंच गई दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए लोगों की मदद से ट्रक चालकों के शवों को बाहर निकाला गया। दूसरे ट्रक चालक की शिनाख्त स्वामीपाल 40 पुत्र खुमना निवासी दरगवां जिला छतरपुर के रूप में की गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं इस दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा, जिसे पुलिस द्वारा ट्रकों को सड़क किनारे कर खुलवाया। मृतक तेजप्रताप के ट्रक में लदे विस्फोटक सामग्री को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





