सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें संस्करण को जिला मुख्यालय के भीमापार बूथ पर जिलाध्यक्ष भाजपा कन्हैया पासवान ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ की समस्त मतदाताओं को बधाई दी तथा साथ ही स्टार्टअप से जुड़े व स्टार्टअप का शुभारंभ करने वाले युवाओं को भी बधाई दी। कहा कि आज भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप बन चुका है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने समस्त देशवासियों को क्वालिटी पर जोर देने का मंत्र दिया। मन की बात के माध्यम से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से होकर गुजरने वाली तमसा नदी का भी जिक्र किया। अयोध्या से निकलकर गंगा में समाहित होने वाली इस नदी के पवित्र जलधारा में कुछ रूकावटों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने साफ-सफाई की तथा साथ ही इस नदी के किनारों पर छायादार, फलदार पेड़ भी लगाए गए। तमसा सिर्फ एक नदी नहीं बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की एक जीवित धारा है।
मन की बात सुनने के उपरांत जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मन की बात आज जन-जन के मन की बात बन चुका है, जिससे देशवासी जुड़कर अपने भविष्य को सशक्त, समृद्ध और संवारने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर जिला मिडिया प्रभारी भाजपा निशांत पाण्डेय, भाजपा नेता संतोष शुक्ला, विक्रम गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहें।





