बढ़नी सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी के मधवानगर मोड़ पर स्थित जेजे पब्लिक स्कूल का भव्य उदघाटन भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री साधना चौधरी, युवा भाजपा नेता सिद्धार्थ चौधरी, चेयरमैन सुनील अग्रहरि एवं भाजपा नेता राजू शाही ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बतौर मुख्यातिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय में संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान कर भारतीय संस्कृति के नींव को मजबूत करने का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
कहा कि आज प्रत्येक क्षेत्र में कड़ी प्रति स्पर्धा है, जगह जगह विद्यालय खोले जा रहे हैं किन्तु अभिभावक अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा प्रदान करने वाले विद्यालय का ही चयन करते हैं।विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री श्री मती साधना चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति से ओत प्रोत विद्यालय ही अच्छी शिक्षा प्रदान करने में समर्थ हैं।
कहा कि इस विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखते हुए रुचि के अनुसार खेल खेल में शिक्षा और संस्कार प्रदान किया जायेगा जो अनूठा एवं अनुपम होगा। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए युवा भाजपा नेता सिद्धार्थ चौधरी ने कहा कि व्यक्ति के व्यक्तित्व , समाज और क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए शिक्षा बहुत आवश्यक है।
चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है बिना शिक्षा के व्यक्ति का जीवन मूल्यहीन है। कहा कि छोटे छोटे नौनिहाल हमारे देश की धरोहर हैं जिन्हें संस्कारयुक्त शिक्षा की जरूरत है जिससे ये सभी शिक्षित होने के साथ ही संस्कारित बने रहे तभी अच्छी शिक्षा की सार्थकता है।
विद्यालय के व्यवस्थापक राजकुमार अग्रहरि ने अंत में आये हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए यह विद्यालय कटिबद्ध है, आप सभी से अपेक्षित सहयोग की आकांक्षा है। उक्त कार्यक्रम में गांधी आदर्श विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा , शासन से नामित सभासद त्रियुगी नाथ अग्रहरि , जिला मंत्री सिद्धार्थ पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू पाठक, अखिलेश गुप्ता , संजय जायसवाल, अंचल कुमार गुप्ता, अखिलेश त्रिपाठी उर्फ टिल्लू बाबा, घनश्याम अग्रहरि, प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव , सियाराम सिंह आदि गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।





