बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जेईई और नीट प्रवेश परीक्षाओं के लिए निःशुल्क आवासीय और गैर-आवासीय कोचिंग हेतु आवेदन की तिथि घोषित की है। 23 मार्च से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल तक चलेगी।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंजीनियरिंग (जेईई) एवं मेडिकल (नीट) प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क आवासीय और गैर-आवासीय अनुशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन की तिथि घोषित कर दी है। आवेदन की प्रकिया 23 मार्च से शुरू हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए है, जो बिहार बोर्ड, सीबीएसई या आईसीएसई बोर्ड 2026 की 10वीं की वार्षिक परीक्षा में शामिल हुए हैं। इच्छुक विद्यार्थी पांच अप्रैल तक कोचिंग डाट बिहार डाट बोर्ड आनलाइन डाट काम/इंडेक्स पर जाकर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अलग-अलग बैच किए जाएंगे संचालित
जेईई और नीट की तैयारी के लिए लगभग 50 छात्रों एवं 50 छात्राओं के अलग-अलग बैच संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को विशेष पाठ्य सामग्री प्रदान की जाएगी। इसके अलावा भी अन्य सुविधाएं मिलेंगी। प्रत्येक माह दो बार ओएमआर टेस्ट या सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) का आयोजन किया जाएगा।
डाउट क्लियरिंग के लिए अलग से चलेंगी कक्षाएं
इसके साथ ही नियमित पढ़ाई के अलावा डाउट क्लियरिंग के लिए अलग से कक्षाओं की व्यवस्था रहेगी और प्रत्येक विद्यार्थी को पूरे पाठ्यक्रम के दौरान प्रति माह 400 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
गैर-आवासीय कार्यक्रम के अंतर्गत जिलों में स्थानीय सरकारी प्लस टू विद्यालयों में निःशुल्क नामांकन की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही गैर आवासीय कोचिंग में नामांकन लेने वालों को प्रत्येक माह एक हजार रुपये की राशि दी जाएगी।





