होली मिलन समारोह आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है : जिलाध्यक्ष
महोबा। भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में पिपरामाफ गांव में होली मिलन समारोह का आयोजन धामधाम के साथ किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों और किसानों के अलावा ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिले। कार्यक्रम में किसानों और कार्यकर्ताओं ने फगुआ गायन से समारोह में चार चांद लगा दिए, वहीं लोगों ने गीत संगीत के बीच जमकर थिरकते हुए अबीर गुलाल उड़ाते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं दी।
भारतीय किसान यूनियन का होली मिलन समारोह बहुत ही हर्षोल्लास से मनाया गया। आयोजन की शुरूआत यूनियन जिलाध्यक्ष जनक सिंह परिहार व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कराई। होली मिलन समारोह में पारंपरिक फाग लोक गीतों का गायन वादन किया गया साथ ही डीजे पर होली के गीतों पर किसान उत्साह के साथ झूमते नजर आए। किसानों ने एक दूसरे को गुलाल और तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और यूनियन की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिला यूनियन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि होली मिलन समारोह आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह कार्यक्रम गिले शिकवे भुलाकर लोगों को एक साथ लाता है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार होता है। यह पुराने रिश्तों को मजबूत करने और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का एक बेहतरीन अवसर है।
होली मिलन समारोह में संगठन के चित्रकूट मंडल के उपाध्यक्ष प्रेमचंद तिवारी, जिला प्रमुख महासचिव शंतराम त्रिपाठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रजेंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष धर्मेश नायक, जिला सचिव दारा सिंह, तहसील अध्यक्ष कुलपहाड़ वीर बहादुर सिंह, सदर तहसील अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, बलवंत सिंह कल्लू सिंह के अलावा श्रीनगर, अतरार, इमलिया, दौनी, नेगुंआ, गंज, करपहाडियां, लुहेडी, मवई, सहित तमाम गांव के सम्मानित किसान के अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश चंद्रा शिवहरे, सांसद प्रतिनिधि अखिलेश वर्मा, पुष्पेंद्र पटेरिया, दुष्यंत सिंह, लाल विश्वकर्मा, संदीप सिंह परिहार, रितुराज सिंह आदि मौजूद रहे।





