मौदहा (हमीरपुर)। थाना मौदहा पुलिस ने चोरी के मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को चोरी के माल तथा अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को थाना मौदहा क्षेत्र अंतर्गत बीएसएनएल टॉवर के पास से मोहम्मद अकरम पुत्र नत्थू तथा दौलत पुत्र अल्ताब को गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्त थाना मौदहा में पंजीकृत मुकदमा संख्या 30/2026 धारा 303(2)/318(4) बीएनएस से संबंधित वांछित चल रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक जोड़ी पीली धातु की झुमकी, एक जोड़ी बाला, एक लाकेट सहित लाल रंग की मोतियों की माला, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल, पीली धातु के पांच टुकड़े, 4200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 30/2026 में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। साथ ही अवैध तमंचा व कारतूस बरामद होने पर मुकदमा संख्या 33/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त मोहम्मद अकरम के विरुद्ध पूर्व में कानपुर नगर व हमीरपुर जनपद में चोरी व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त दौलत के विरुद्ध भी थाना मौदहा में पूर्व से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिवेदी, महिला उपनिरीक्षक कोमल, कांस्टेबल विजय प्रताप, धर्मेन्द्र कुमार एवं विनोद कुमार शामिल रहे।





