UP Politics कासगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना ने पाकिस्तान को घर में घुसकर औकात दिखाई। उन्होंने 724 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रशंसा की। योगी ने सोरों के विकास को अयोध्या मथुरा वृंदावन की तर्ज पर करने की बात कही और क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं का लोकार्पण किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सेना के बहादुर जवानों ने अपने पराक्रम के बल पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर उसकी भाषा में ही उसको औकात दिखा दी। पूरे विश्व में पाकिस्तान रहम की गुहार लगा रहा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह जिले में पुलिस लाइन सहित 724 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करने पहुंचे।
यहां सभा में उन्हाेंने देश की सेना के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की भी बढ़ाई की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुलिस देश में मॉडल बन गई है। आज आधुनिकता के चलते पुलिस ने दुर्जनों को जमीन चटा दी है। प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सुरक्षा, कानून व्यवस्था की ओर लगातार अग्रसर हो रहा है। पूरे देश के लिए उत्तर प्रदेश नया माडल बन चुका है। उन्होंने तीर्थ नगरी सोरों के विकास की बात कही।
सोरों की संभल से तुलना की
सीएम ने कहा, कि अयोध्या, मथुरा, वृंदावन की तर्ज पर यहां विकास किया जाएगा। उन्होंने सोरों की संभल से तुलना की। कहा कि सोरों में भगवान विष्णु ने तीसरा अवतार लिया था। संभल में भगवान कल्की के रूप में दसवां अवतार लेंगे। क्षेत्र की जनता जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों का आभार प्रकट किया। दरियावगंज झील, नदरई का पुल, सहावर बाईपास विकसित करने का भरोसा दिया।
गन्ना विकास मंत्री ने कही ये बात
गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने भी अपने उद्बोधन में योगी को विकास का महामानव बताया। योगी के द्वारा सत्ता में आते ही लगाए गए छह छक्के का वर्णन किया। शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा के योगी के राज में प्रदेश हर क्षेत्र में विकास की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने 724 करोड़ की परियोजनाओं का मंच से बटन दबाकर लोकार्पण किया।
ये रहे मौजूद
इस दौरान प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी प्रशांत कुमार, मंडल आयुक्त संगीता सिंह, डीएम मेधा रूपम एसपी, अंकित शर्मा, पार्टी के जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक अमांपुर हरिओम वर्मा, एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, एमएलसी मानवेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, सदर पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी, सोरों पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे सहित जिले के कोने-कोने से आए लोग बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।