बाराबंकी। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के तीसरे दिन बुधवार को जिले के पांचों निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्तर के अरबी-फारसी विषयों के प्रश्नपत्र शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुए। कड़े इंतजामों और सख्त निगरानी के बीच परीक्षा तो सुचारु रूप से हुई, लेकिन दोनों पालियों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति ने ध्यान खींचा।
सुबह की पाली में सेकेंडरी अरबी विषय के लिए पंजीकृत 710 विद्यार्थियों में से 538 ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 172 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी पाली में सेकेंडरी फारसी के 633 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 478 उपस्थित रहे और 155 अनुपस्थित दर्ज किए गए। इस तरह प्रथम पाली के दोनों प्रश्नपत्रों में कुल 327 परीक्षार्थी गैरहाजिर पाए गए।
द्वितीय पाली में सीनियर सेकेंडरी अरबी के 235 में से 195 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 40 अनुपस्थित रहे। वहीं सीनियर सेकेंडरी फारसी में 206 में से 166 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 40 गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में कुल 441 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 361 उपस्थित रहे, जबकि लगभग 80 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, तलाशी और निगरानी की कड़ी व्यवस्था रही, जिससे नकल पर पूरी तरह रोक लगी रही और परीक्षा निष्पक्ष माहौल में सम्पन्न हुई।
सख्ती का असर तीसरे दिन भी दिखाई दिया, जब दोनों पालियों के चारों प्रश्नपत्रों में कुल 120 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वक्फ स्पेक्टर श्रीकांत आजाद ने कायो केंद्रों का निरीक्षण कर शख्ती का माहौल बनाया। जिम्मेदारों ने स्पष्ट किया कि आगामी परीक्षाएं भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पारदर्शिता और अनुशासन के साथ कराई जाएंगी, ताकि परीक्षा की विश्वसनीयता बनी रहे और योग्य विद्यार्थियों को उनका उचित अवसर मिल सके।





