उरई (जालौन)।अनुरागिनी संस्था द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जनपद जालौन के विकास खंड कदौरा के ग्राम बाबीना स्थित विष्णु दत्त उपाध्याय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के आमजनमानस, विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करना तथा सामान्य बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकीय टीम ने महिलाओं को स्वच्छता, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। महिलाओं को विशेष रूप से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने तथा बच्चों के टीकाकरण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य से जुड़ा होता है, इसलिए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि अनुरागिनी संस्था पिछले तीन दशकों से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का कार्य जारी रखा जाएगा।
जिला केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लि जालौन के सभापति उपेन्द्र सिंह राजावत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेष रूप से महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता कार्यक्रम पहुंच सकें। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को लाभ मिल सके। इस स्वास्थ्य शिविर में , मिंनोरा सहकारी संघ के सभापति श्याम करण प्रजापति, अनुरागिनी संस्था से नितिन सैनी उपस्थित रहे। साथ ही पुत्तन सिंह, राम शरण सिंह, आदित्य सिंह, अनुज सिंह, कौशलेंद्र सिंह तथा चंदन सहित ग्रामीण जनों का विशेष सहयोग रहा।
शिविर में चिकित्सकीय टीम के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी कदौरा डॉ. अजय कुमार शर्मा, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ,फार्मासिस्ट जी.पी. सिंह , आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ संजय , स्वास्थ्य सहयोगी, श्याम सुंदर , निधि लैब टेक्नीशियन अभिषेक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश प्रसाद कुशवाहा लेखाकार संजय त्रिवेदी,पवन प्रजापति, स्वयं सहायता समूह से मीणा शुक्ला, श्यामा,ममता यादव,संतोष सैनी उपस्थित रहे।शिविर में कुल 321 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इस अवसर पर डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से भी विभिन्न औषधियों का वितरण किया गया





