कार्यक्रम में बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान पर की गई चर्चा
महोबा। नगर के साईं डिग्री कालेज में गुरूवार को मिशन शक्ति 05 अभियान के तहत सखी वन स्टाप सेंटर के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान पर चर्चा की गई साथ ही महिलाओं के हित में सरकार की चलाई जा रही योजनाओं व सुरक्षा के प्रति जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों के बावत जानकारी देकर विद्याथियों को जागरूक किया गया। इस मौके पर छात्राओं के पूछे गए प्रश्नों का टीम ने संतुष्टजनक उत्तर देकर उनकी शंका का निवारण किया।
कालेज में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वन स्टाफ सेंटर की काउंसलर पूर्णिमा व स्टाफ नर्स आशा व कालेज प्राचार्य डॉ. एलसी अनुरागी व प्रशासनिक अधिकारी बीके साहू ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पित कर शुरूआत कराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन स्टाफ सेंटर की काउंसलर ने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल उनका अधिकार नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक पहचान और प्रगति का प्रतीक है। जब महिलाएं सुरक्षित और सम्मानित महसूस करती हैं, तो वे सशक्त होती हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं, जो पूरे समाज को आगे बढ़ाता है। उन्होंने नारी की सुरक्षा व सम्मान हमारी पहचान के अंतर्गत विधिक सहायता चिकित्सा सुविधा परामर्श की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया।
स्टाफ नर्स आशा ने वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपात कालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, आदि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए महिलाओं को जरूरत पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त करने पर भी जोर दिया। प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ ही उन्हें किसी भी शोषण का शिकार नहीं बनाना चाहिए। कार्यक्रम में छात्राओं के अनेक प्रश्नों के उत्तर भी एक एक करके दिए गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। अंत में प्राचार्य ने महिलाओं के दहेज अधिनियम सहित तमाम विधिक जानकारी पर प्रकाश डाला। इस मौके पर डॉ. मैराज खान, प्रवीण वाजपेयी, प्रदीप सिंह, रोमाना खान, अंजना श्रोतीय, रजनी पटैरिया, अर्चना श्रीवास्तव सहित तमाम छात्र छात्राएं मौजूद रही।





