सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में गणित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
महोबा। महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में महान गणितज्ञ के चित्र पर संगीताचार्य जगप्रसाद तिवारी ने माल्यापर्ण कर नमन किया साथ ही वक्ताओं ने रामानुजन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को जानकारी प्रदान की। इस मौके पर गणित से संबन्धित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कालेज में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रमुख आचार्य कृष्णचंद्र पाठक ने महान गणितज्ञ के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जब गणित के क्षेत्र में भारतीयों के योगदान की बात होती है, तो हम अक्सर प्राचीन काल की उपलब्धियों की ओर मुड़ते हैं। शून्य की खोज, ज्यामिति, और खगोल विज्ञान का जिक्र करते हैं, लेकिन रामानुज जी एक ऐसा भारतीय गणितज्ञ थे जिसने बिना किसी औपचारिक शिक्षा के दुनिया के महानतम गणितज्ञों को चकित कर दिया।
बताया कि बचपन में एक किताब हाथ लगी सिंक्रोनस गणित (सिंपल मैथ्स की किताब) और इसी ने उनके जीवन का रास्ता बदल दिया। जब उन्होंने गणित के क्षेत्र में नई नई खोजें करनी शुरू कीं, तो उनकी प्रतिभा को कोई समझ नहीं पाया और आज उनकी खोजें केवल अकादमिक नहीं थ बल्कि मॉक थीटा फ़ंक्शन आधुनिक कंप्यूटर विज्ञान और क्रिप्टोग्राफी के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं।
संगीताचार्य जगप्रसाद तिवारी ने बताया कि रामानुजन ने कम उम्र में ही गणित में गहरी रुचि दिखाई और 12 साल की उम्र तक त्रिकोणमिति पर पूरी पकड़ हासिल कर ली। औपचारिक शिक्षा में बाधाएं आईं, लेकिन गणित के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ, जिससे वे अभावों में भी शोध करते रहे। बताया कि 1913 में उन्होंने ब्रिटिश गणितज्ञ जीएच हार्डी को पत्र लिखा, जिन्होंने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें कैम्ब्रिज बुलाया, जिससे रामानुजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।
गोष्ठी के बाद छह से आठ तक के विद्यार्थियों की गणित से संबन्धित उल्टी गिनती, हिंदी अंग्रेजी संख्याओं का पाठन, पहाड़ा, वर्गमूल, घनमूल, अभाज्य संख्याओं की पहचान सहित मौखिक व लिखित प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लेकर अपने हुनर को प्रदर्शित किया। इस मौके पर विद्यालय के आचार्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।
महोबा। महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती की पर उनकी स्मृति में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में गणित मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने किया। मेले में विद्यालय के छात्रों ने बढ़चढकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और गणित मॉडल, चार्ट, गणितीय प्रयोग, चित्रकला, रंगोली, गणितीय खेल, ज्यामितीय आकृतियां की प्रदर्शनी सजाई और व्यवहारिक जीवन में गणित के उपयोग की जानकारी दी। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को गणित के विविध पहलुओं से अवगत कराया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य बंधु व समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने मेले का अवलोक कर अपनी उपस्थिति दर्ज की।





