इंटरसिटी एक्सप्रेस से नीचे गिरे एक यात्री को बचाने के लिए ट्रेन को तीन किलोमीटर तक बैक करना पड़ा। यह घटना हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर के पास घटित हुई।
जानकारी के अनुसार, बांदा जनपद के चहितारा गांव निवासी सुरेंद्र वर्मा (40) अपनी पत्नी सीमा व दो बच्चों के साथ ट्रेन से सफर कर रहे थे। बताया जाता है कि मौदहा स्टेशन से ट्रेन चलने के कुछ ही देर बाद सुरेंद्र लघुशंका के लिए गेट की ओर गए और इसी दौरान अचानक नीचे गिर पड़े।
यात्री के गिरते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई और अन्य यात्रियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर गार्ड ने ट्रेन को रुकवाया और मौदहा एवं सुमेरपुर स्टेशन मास्टरों को सूचना देने के बाद करीब तीन किलोमीटर तक ट्रेन को बैक कराया। इसके बाद घायल यात्री को गार्ड के केबिन में रखकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
सुमेरपुर स्टेशन पहुंचने पर घायल को प्लेटफार्म पर प्राथमिक उपचार दिलाया गया और तत्पश्चात एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्टेशन मास्टर अमानुउद्दीन ने बताया कि यात्री के गिरने की सूचना मिलते ही एंबुलेंस को बुलाकर उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।





