अब कोई भी पात्र महिला स्वयं सहायता समूह से बाहर नहीं रहेगी : मुख्य विकास अधिकारी
महोबा। मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला सशक्तिकरण को लेकर ब्लाक सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीओडो ने सरकार की महिलाओं हित में चलाई जा रही योजनाओं को महिलाओं को समुचित लाभ दिया जाए साथ ही प्राथमिकता आधार पर स्वयं सहायता समूहो से जोड़े जाने के समूह सखियों को निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अब कोई भी पात्र महिला स्वयं सहायता समूह से बाहर नहीं रहेगी। उन्होंने समूह सखियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र गृहस्थी परिवार, जीरो पॉवर्टी के अंतर्गत आने वाले परिवार, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी परिवारों की महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए। सरकार की मंशानुसार महिला को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए और समूहों के माध्यम उन्हें अपने पैरों पर खड़ा किए जाने में सहयोग किया जाए। कहा कि पुराने समूहों तक सीमित न रहते हुए, नए स्वयं सहायता समूहों के गठन पर भी विशेष जोर दिया गया।
सीडीओ ने बताया कि समूह गठन से महिलाओं को न सिर्फ रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि उनकी सामाजिक पहचान भी मजबूत होगी। उन्होंने समूह सखियों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं को कागजों से निकालकर ज़मीन पर उतारें और हर जरूरतमंद महिला तक उनका लाभ पहुंचाएं। कहा कि आने वाले दिनों में विकासखंड पनवाड़ी की महिला सशक्तिकरण की तस्वीर बदलने वाली है और ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर एडीओ देवकरन कुशवाहा सहित करीब छह दर्जन समूह सखियों ने अभियान की दिशा और लक्ष्य से अवगत कराया गया।





