शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर। थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार की रात दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक बारात में शामिल होने गया था, तभी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी गांव निवासी शनि निषाद (17) पुत्र मुकेश निषाद शुक्रवार रात रोमनदेई गांव में एक बारात में शामिल होने गया था। रात करीब 10:30 बजे वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शनि गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन व ग्रामीण उसे तत्काल शोहरतगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया। परिजन युवक को जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना शोहरतगढ़ के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र के शोहरतगढ़ और आसपास के गांवों में घटना को लेकर शोक व्याप्त है।





