Wednesday, March 11, 2026
spot_img
HomeMarqueeछत्तीसगढ़ को एटीएम समझती है कांग्रेस: मोदी

छत्तीसगढ़ को एटीएम समझती है कांग्रेस: मोदी

गंगा जी की झूठी कसम खाकर 36 वादे किए, हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह 10.45 बजे रायपुर पहुंचे और साइंस कॉलेज ग्राउंड से 7 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- आज जिन योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया गया है, उससे छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बेहतर होगी। प्रधानमंत्री ने इसके बाद साइंस कॉलेज ग्राउंड में ही भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।
पीएम ने कहा- छत्तीसगढ़ का निर्माण भाजपा ने किया है। यहां के लोगों को भाजपा ही समझती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने गंगा जी की झूठी कसम खाई। शराबबंदी समेत 36 वादे किए, लेकिन वादे पूरे नहीं किए। हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल है।
कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा
छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, उनकी जरूरतों को जानती है। छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है। इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।
गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है
गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थीं। आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है। कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है।
कांग्रेस ने अपने वादे पूरे नहीं किए, हजारों करोड़ के घोटाले हुए
पीएम ने कहा- छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। 5 साल बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है।
भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल बन चुकी है छत्तीसगढ़ सरकार
मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार को कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बताया। उन्होंने कहा, कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।
मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है
पीएम ने खुद की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा, ये लोग मेरे पीछे पड़े हैं। मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे, मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे। लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता है। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।
विपक्ष की एकजुटता पर बोले
पीएम ने विपक्षी एकता पर कहा- जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं।
कांग्रेस सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है
पीएम मोदी ने कहा- ये भाजपा ही है जो किसानों की मेहनत को समझती है और उनके लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है और उनसे झूठ बोल रही है। पिछले 9 साल में केंद्र की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक दिए हैं। इस साल भी यहां के धान किसानों को 22 करोड़ रुपए से अधिक दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular