मैं निर्झरी सी बन के डगर नापती गयी…
– राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में निर्द्वन्द कवि सम्मेलन का हुआ आयोजन
लखनऊ। दिव्य सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक संस्था की ओर से मंगलवार को राय उमानाथ बली आडिटोरियम में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
राम कुमार त्रिपाठी निर्द्वन्द की स्मृति में हुए इस कवि सम्मेलन में कवि और कवियत्रियों ने अपनी अपनी कविताओं का पाठ करते हुए श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।

कवि सम्मेलन में जहां वाराणसी की सरस्वती सिंह ने अपनी कविता- मैं निर्झरी सी बन के डगर नापती गयी, गहराईयों को दूर से ही आंकती गयी, बहकी फिजाओं में उलझ सी जाउं ना कहीं, चलती हवाओं के रूखों को भांपती गई को सुनाकर माहौल को खुशनुमां बना दिया। उनसे पहले मंच संचालन कर रहे विजित सिंह रूठी हुई खुशियों को मैं घर लाऊं तो कैसे, बुझते हुए चरागों को जलाऊं कैसे सुनाकर कार्यक्रम की लौ जलाई। उनके बाद डा. दिनेश शर्मा ने अंधरों में भटकता हूं, किरण की चाह है मुझको, मैं कांटों में उलझता हूं, सुमन की चाह है मुझको को सुनाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। कविता पाठ के क्रम में ज्योति किरन रतन ने- यह कहते है मैं चोरी की पढ़ती हूं, सच कहते है मैं चोरी की पढ़ती हूं, बेबस नारी पीड़ा, दुख आंखो का पढ़ती हूं को सुनाया तो श्रोताओं को तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
कविता पाठ के क्रम में अमरेश आर्यन ने सुकून बेच के दर्द खरीद लिया है मैने। नरेन्द्र पंजवानी माहिर ने जीने के सलीके बदल गए, बच्चे घरबार चलाते है। अंकुर सक्सेना ने- आओ एक कहानी कहें, कुछ छूती, कुछ रूमानी कहें। चारू शुक्ला ने वो कैसे भूल सकते हो, जब मेरी नन्ही सी कली को खिलने से पहले मार डाला। अनामिका शुक्ला ने- मैं गहन विचार हूं, भावों का भण्डार हंू, मैं औरत हूं। डा. श्रद्धा बाजपेयी ने- जब मैने उड़ना चाहा, तुम्हारे शहर ने मेरे पंख काट दिए को सुनाया। कविता पाठ के क्रम में शुभम पाण्डेय चमत्कार, ललित कुमार दीपक, श्रीपाल गौड़ श्री, टीटी सुनील, नरेन्द्र पंजवानी माहिर, अंकुर सक्सेना, अजय द्विवेदी, विपिन कुमार, रजनीकांत लंकेश आदि भी अपनी अपनी कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम में संजय त्रिपाठी, राम किशोर त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

———————————————————————————————————————
अगर आप भी चाहते है अपने मोबाइल पर खबर तो तुरंत इस 9918956492 नंबर को अपने फ़ोन में अवधनामा के नाम से सेव करे और हमे व्हाट्सप्प कर अपना नाम और जिला बताये और पाए अपने फोन पर लेटेस्ट खबरे





