
अवधनामा संवाददाता
पानी की टंकी स्थापना हेतु उत्पन्न हुआ था विवाद
कुशीनगर। कप्तानगंज तहसील के सपहा दहाउर ग्राम में जल जीवन मिशन हेतु पानी टंकी की स्थापना हेतु जमीन के संदर्भ में उत्पन्न हुए विवाद जिसमें ग्राम प्रधान के खिलाफ आपत्ति दर्ज की गई है, जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल द्वारा मंगलवार को भौतिक रूप से निरीक्षण किया गया। वहाँ उपस्थित ग्राम वासियों से समस्या सुनी गई तथा समस्या के संदर्भ में उन्होंने ग्राम वासियों को शांति बनाये रखने को कहा, किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न करने से बचने को कहा तथा किसी के बहकावे में ना आने को कहा।
उन्होनें कहा कोई समस्या हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्पन्न विवाद के संदर्भ में थाने में दी गई तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी कप्तानगंज रत्निका श्रीवास्तव व एसएचओ द्वारा उच्च अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। विदित हो कि इससे पहले अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवीदयाल वर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह द्वारा भी स्थल का भौतिक निरीक्षण किया गया।
वित्त मंत्री का दौरा आज
कुशीनगर। मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग उ0प्र0/प्रभारी मंत्री गोरखपुर मंडल सुरेश कुमार खन्ना का आज जनपद में आगमन हो रहा है। जनपद में मंत्री द्वारा मलिन बस्तियों, स्कूल, गोशाला व जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया जाएगा व जनपदस्तरीय अधिकारीगणों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे। मंत्री जी के कार्यक्रम में किसी एक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निरीक्षण एवं चौपाल का आयोजन भी शामिल रहेगा।





