Tuesday, April 28, 2026
spot_img
HomeArticleपक्षियों के जादूई संसार पर बर्ड फ्लू का कहर

पक्षियों के जादूई संसार पर बर्ड फ्लू का कहर

ललित गर्ग

देश के अनेक राज्यों में एक बड़ा संकट बर्ड फ्लू के रूप में कहर बरपा रहा है। जिसके कारण सैकड़ों पक्षियों का मरना या मारा जाना दुखद तो है ही, मानवता पर प्रश्नचिह्न भी है। बेजुबान पक्षियों का बड़ी संख्या में मरना पर्यावरण संतुलन के लिये तो बड़ा खतरा है ही लेकिन इसका असर मानव जीवन पर भी होगा। यह धरती केवल इंसानों के लिये नहीं है, बल्कि वन्य जीवों के लिये भी है, इसलिये पक्षियों का मरना हमारे लिये चिन्ता का बड़ा कारण बनना चाहिए। मौजूदा समय में पशुओं एवं पक्षियों की संख्या का लगातार घटना एक अत्यन्त चिन्ताजनक स्थिति है। बर्ड फ्लू अत्यधिक गंभीर संक्रामक और श्वसन रोग है, जो पक्षियों के साथ-साथ मनुष्यों में फैला, तो बहुत घातक स्वरूप ले सकता है।

इस साल बर्ड फ्लू की ज्यादा चिंता इसलिये भी है क्योंकि कोरोना से तबाह अर्थव्यवस्था, अस्तव्यस्त जीवनशैली एवं रोगों के महाप्रकोप के बाद अब बर्ड फ्लू के झटके झेलने की स्थिति में हम नहीं है। शासन-प्रशासन को वाकई बहुत सतर्क रहना होगा। बर्ड फ्लू अर्थात एवियन इन्फ्लूएंजा के प्रकोप को रोकने के लिए सरकार को जागरूक होना होगा। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों के दो-तीन किलोमीटर के दायरे में बत्तखों, मुर्गियों, पक्षियों आदि पर निगाह रखनी पडे़गी। बर्ड फ्लू के नियंत्रण के लिये अभियान चलाना होगा, क्योंकि कोरोना महामारी जहां इंसानों के जीवन के लिये बड़ा खतरा था वही अब बर्ड फ्लू पशुओ एवं पक्षियों के लिये महासंकट है।
इस बार ज्यादा अनिष्ट की आशंका इसलिये भी है कि विदेशी पक्षियों के जरिए ही बर्ड फ्लू का देश में संक्रमण हुआ है। सर्दियों में बड़ी संख्या में विदेशी पक्षी भारत के ताल, तालाबों, नदियों, खेतों एवं सुरभ्य प्राकृतिक स्थलों में समय बिताने आते हैं। कुछ पक्षी तो यहां सर्दियों के समय चार से पांच महीने तक रहते हैं। ऐसे में, यह बहुत जरूरी है कि विदेशी पक्षियों की खास तौर पर निगरानी की जाए। ताल-तालाबों के आसपास नजर रखने के साथ ही साफ-सफाई के काम को मुस्तैदी से अंजाम देना होगा। यह वही मौसम है, जब किसी न किसी राज्य से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत की खबर आती है, अतः संबंधित महकमों और विशेषज्ञों को सचेत हो जाना चाहिए।
देश में जहां से भी बर्ड फ्लू की सूचना मिले, वहां सावधानी से, संवेदनशीलता से उतने ही पक्षियों को मारना चाहिए, जितना बहुत जरूरी हो। जहां बर्ड फ्लू का संक्रमण नहीं हुआ है, वहां घबराने की जरूरत नहीं, पर सतर्क रहकर पक्षियों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। जहां कौए हैं, वहां उनके लिए दाना-पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें अन्य पक्षियों-कीड़ों के शव के पीछे घात न लगाना पडे़। हमें पक्षियों के स्वास्थ्य के प्रति भी सजग होना चाहिए। सरकारों भी पक्षियों के इलाज एवं जीवन-सुरक्षा के पुख्ते प्रबंध करने चाहिए। भारत एक ऐसा देश है, जहां सदियों से मेहमान पक्षी आते रहे हैं, अतः भारत में प्रवासी पक्षियों के स्वास्थ्य के अलावा स्वदेशी पक्षियों की भी चिंता जरूरी है। भारत की संस्कृति में पक्षियों को दाना एवं पानी डालने की व्यवस्था जीवनशैली का अंग रहा है, इन वर्षों में हमारी यह संस्कृति लुुप्त हो रही है, जो बर्ड फ्लू के फेलने का बड़ा कारण है। विशेष रूप से मानव व मानव आबादी को पसंद करने वाले कौओं को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास जरूरी हैं। कौओं की बड़ी संख्या में मौत झकझोर रही है। शहरों में ही नहीं, गांवों में भी उनकी संख्या बहुत घट चुकी है, ऐसे में, उनकी मौत बाकी बचे हुए कौओं को मानव बस्तियों से बहुत दूर कर देगी। कौओं के साथ मानव बस्तियों का रिश्ता पुराना है। वे सदियों से सफाईकर्ता के रूप में हमारे आसपास से नाना प्रकार के जहरीले या अवांछित कीड़े-मकोड़ों को हटाते आए हैं। उनका हमारे पास न होना, हमारी सेहत के लिए भी खतरनाक है। कौओं में भी कुछ प्रजातियां विरल हो चली हैं, बर्ड फ्लू के बहाने ही सही, उनके लिए संवेदना बढे, तो हम मनुष्यों का ही भला होगा।
कौओं की मौत की सूचना राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से विशेष रूप से आ रही है। विशेषज्ञ जांच में लगे हैं, लेकिन सामान्य रूप से कौओं में बर्ड फ्लू का संक्रमण दूसरे पक्षियों से ही फेला है, ऐसा माना जा रहा है। आमतौर पर कौओं को दूसरे पक्षियों, जंतुओं के शव खाते-उठाते देखा जाता है, इसी वजह से उनमें संक्रमण की गुंजाइश ज्यादा रहती है। देश के कई राज्यों से अचानक बड़ी संख्या में अन्य पक्षियों के मरने की खबरें आ रही हैं। हर साल सर्दियों के मौसम में पशु-पक्षियों की मुसीबत तो बढ़ ही जाती है, लेकिन उनकी लगातार हो रही मौतों से अलग तरह की चिंता पैदा हो रही है। यही कारण है कि संबंधित राज्य सरकारें अपने-अपने स्तर से उचित कदम उठा रही हैं और शासन-प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular