लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर प्रशासन की रोक

0
62

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कांग्रेस के ‘संविधान रक्षा मार्च’ को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। योगी सरकार ने 26 नवंबर को प्रस्तावित इस मार्च के आयोजन की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन ने इलाके को संवेदनशील बताते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम के स्वरूप में बदलाव करने का फैसला किया है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने प्रेसवार्ता में बताया कि पार्टी की ओर से शांतिपूर्ण मार्च निकालने के लिए लिखित अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी मंजूरी नहीं दी। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला जाना था।

अब कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में ही संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम है।

40 हजार लोगों के जुटने का दावा

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने दावा किया है कि पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में करीब 40 हजार लोग शामिल होंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए लोगों के मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

मार्च की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब सबकी निगाहें 26 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के सम्मेलन पर टिकी हैं। इस आयोजन में खरगे की मौजूदगी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने के दावे के बीच लखनऊ का राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here