नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में प्रधानमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं, केंद्र सरकार के कामकाज और विकास से जुड़े अहम मुद्दों की समीक्षा कर रहे हैं।
बैठक के दौरान सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक को सरकार के कामकाज की समीक्षा और आगामी प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में मंत्रियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।

