यूपी में सियासी हलचल तेज: 181 सीटों पर कांग्रेस की नजर

0
142

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन में सीटों के बंटवारे की चर्चा तेज होती नजर आ रही है। इसी बीच कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सामने 181 विधानसभा सीटों की मांग रखे जाने की खबर ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

मीडिया में सामने आई कथित लीक सूची के मुताबिक, कांग्रेस ने प्रदेश की 181 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है। इसमें रायबरेली और अमेठी की सभी विधानसभा सीटें भी शामिल बताई जा रही हैं। इन दोनों जिलों को कांग्रेस का पारंपरिक राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है, ऐसे में यहां की सभी सीटों पर दावा सियासी लिहाज से अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस की इस मांग पर सपा के भीतर भी सवाल उठ रहे हैं। सपा नेताओं का मानना है कि सीटों का बंटवारा केवल मांग के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता, पिछले चुनावों के प्रदर्शन और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखकर होना चाहिए। सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने 181 सीटों की मांग को अव्यावहारिक बताते हुए कांग्रेस को 50 से 65 सीटों के बीच समझौता करने की सलाह दी है।

17 नवंबर से शुरू होगी सीट बंटवारे पर चर्चा

दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पर अलग-अलग चर्चा होगी। अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिया जाएगा।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस अपनी 181 सीटों की मांग पर अड़ी रहती है या फिर सपा के साथ समझौते के लिए सीटों की संख्या कम करने को तैयार होती है। फिलहाल दोनों दल भाजपा को चुनौती देने के लिए गठबंधन बनाए रखने की बात कह रहे हैं।

 

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here